Shahjahanpur News: डेंगू और बुखार से चार और लोगों की मौत
मिर्जापुर, ददरौल, कांट और कलान में बुखार का प्रकोप
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। जिले में बुखार से मौत का सिलसिला थम नहीं रहा है। कांट व ददरौल में एक बच्चे समेत दो लोगों की मौत हो गई। जबकि मिर्जापुर में बुखार से एक युवक और कलान में गांव पिलुआ निवासी पूरन सिंह की पत्नी सुनीता (35) की बुखार के चलते मौत हो गई।
मिर्जापुर। क्षेत्र के गांव छोटी कुनिया शाहनजीरपुर निवासी सत्यपाल कुशवाहा के इकलौते पुत्र सर्वजीत (22) की बुखार से कानपुर में मौत हो गई। इससे पहले भी ग्राम मझारा निवासी किशनपाल के पुत्र निखिल की बुखार से मौत हो गई थी।
मृतक के पिता सत्यपाल कुशवाहा ने बताया कि पांच दिन पहले सर्वजीत को बुखार आया था। उसने बुखार आने के दूसरे दिन ही सर्वजीत को कानपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सर्वजीत की आठ माह पूर्व ही ग्राम बिलालपुर (फरुखाबाद) की नमिता देवी के साथ शादी हुई थी।
कांट। क्षेत्र के गांव गंगा पट्टी चड़रिया निवासी शिवमंगल के 32 वर्षीय पुत्र विकास की डेंगू के चलते मौत हो गई। उन्हें 12 दिन पहले बुखार आया था। परिजन उन्हें बरेली के निजी अस्पताल लेकर गए थे। जहां उनकी प्लेटलेट्स कम होने के चलते शनिवार को विकास की मौत हो गई। उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
इसी तरह ददरौल के मुड़िगवां गांव निवासी सचिन यादव के तीन साल के पुत्र कुशल की बुखार के चलते मौत हो गई। उसे 24 घंटे पहले बुखार आने पर परिजन राजकीय मेडिकल कॉलेज लेकर गए थे। जहां से उसे लखनऊ रेफर कर दिया था। रविवार को उसकी मौत हो गई।
1691 मरीजों का परीक्षण किया
सीएचसी-पीएचसी पर 1691 मरीजों का परीक्षण किया गया। 318 मरीजाें की खून की जांच के दौरान मलेरिया व डेंगू का कोई भी रोगी नहीं मिला है। सीएमओ डॉ. आरके गौतम ने बताया कि जिन क्षेत्रों में संक्रामक रोग फैलने की सूचना आती है। वहां कैंप लगाएं जाते हैं। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. एसपी गंगवार ने बताया कि नवंबर में 3865 घरों की जांच की गई। जनवरी से अब तक 93596 जगहों पर जांच में 1759 घरों में मच्छरों के लार्वा मिलने पर नष्ट कराए गए हैं।