Shahjahanpur News: पहले दिन नहीं शुरू हो पाई गन्ना खरीद, क्रय केंद्र सूने

बंडा के गांव दलेलपुर में लगाया गया गन्ना क्रय केंद्र सूना पड़ा। संवाद
– जिले में गन्ना खरीद के लिए बनाए गए है 162 क्रय केंद्र
– निगोही के बाद रविवार को रोजा चीनी मिल में शुरू हुई पेराई
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। गन्ना खरीद रविवार से होनी थी, लेकिन पहले दिन खरीद शुरू नहीं हो पाई। क्रय केंद्र सूने पड़े रहे। क्रय केंद्र पर कहीं कर्मचारी भी नजर नहीं आए।
निगोही चीनी मिल में पेराई सत्र तीन नवंबर को शुरू हो चुका है, जबकि रविवार को रोजा चीनी मिल में भी पेराई सत्र का शुभारंभ हो गया, लेकिन गन्ना क्रय केंद्रों पर खरीद शुरू नहीं हो पाई। जिले में 162 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। जहां पर किसानों को गन्ने की बिक्री करनी है।
–
किसानों की गन्ना पर्चियां एसएमएस पर्ची के रूप में होंगी पंजीकृत
पिछले सत्र की तरह इस बार भी किसानों को गन्ना पर्चियां केवल एसएमएस पर्ची के रूप में उनके पंजीकृत मोबाइल नंबरों पर भेजी जाएंगी। पहले की तरह मैनुअल पर्चियां अब नहीं दी जाएंगी। ऐसे में जरूरी है कि किसानों का ईआरपी (एंटरप्राइज रिसोर्स प्लानिंग) पर गन्ना किसानों के सही मोबाइल नंबर पंजीकृत हो। गन्ना विभाग के अधिकारियों ने कहा है कि अभी ईआरपी पर अपने मोबाइल नंबर को चेक कर लें। यदि नंबर गलत हैं तो गन्ना पर्यवेक्षक से या ई-गन्ना एप के माध्यम से मोबाइल नंबर अपडेट कर लें।
जिले में गन्ने की स्थिति
– 1.10 लाख हेक्टेयर जिले में गन्ने का रकबा
– 1.86 लाख आपूर्तिकर्ता किसान
– पुवायां, तिलहर, रोजा, निगोही और मकसूदापुर चीनी मिल में होगी पेराई
–
निगोही और रोजा में पेराई हो गई शुरू
निगोही चीनी मिल में तीन नवंबर को पेराई सत्र शुरू हो गया था। जबकि रोजा चीनी मिल में रविवार को पेराई सत्र शुरू हो गया। आठ नवंबर को मकसूदापुर चीनी मिल, 15 नवंबर को तिलहर और पुवायां में पेराई सत्र शुरू हो जाएगा।
पेराई शुरू होने से पहले मकसूदापुर चीनी मिल कोे करना है भुगतान
जिला गन्ना अधिकारी जितेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि मकसूदापुर चीनी मिल पर इस सत्र के 131 करोड़ रुपये का भुगतान बकाया था। प्रशासन की तरफ से नोटिस दिए जाने के बाद चीनी मिल प्रबंधन ने 71 करोड़ रुपये का भुगतान कर दिया है। जबकि 60 करोड़ रुपये बकाया है। उन्होंने बताया कि चीनी मिल प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया है कि पेराई सत्र से पहले किसानों का भुगतान कर दें, नहीं तो उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
–
गन्ना क्रय केंद्र शुरू करने के निर्देश दे दिए गए हैं। पहला दिन होने की वजह से व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं हो पाईं। सोमवार से गन्ना खरीद शुरू हो जाएगी। किसानों को पर्ची एसएमएस से जारी होगी। किसान अपने मोबाइल सही करा लें। जिससे आगे भुगतान में दिक्कत न हो।
– जितेंद्र कुमार मिश्रा, जिला गन्ना अधिकारी