शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: पुवायां में बुखार से चार लोगाें ने दम तोड़ा, तिलहर-मिर्जापुर में डेंगू से दो की मौत

Connect News 24

Four people died of fever in Puwayan, two died of dengue in Tilhar-Mirzapur.

शाहजहांपुर में पीएचसी कटिया टोला में निरीक्षण करते डीएम उमेश प्रताप सिंह। स्त्रोत-प्रशासन

शाहजहांपुर। जिले में वायरल बुखार, मलेरिया और डेंगू के चलते हालात विकराल हो गए हैं। पुवायां में बुखार से चार लोगों की मौत हो गई। वहीं डेंगू से तिलहर में युवक और मिर्जापुर में महिला की मौत हो गई। इसके अतिरिक्त वायरल बुखार के चलते बड़े पैमाने पर मरीजों की भीड़ उमड़ रही है। राजकीय मेडिकल कॉलेज में बेड को लेकर मारामारी मची है। एक बेड पर दो-दो मरीजों का उपचार किया जा रहा है। वहीं ओपीडी में हर दिन 1500 से अधिक नए मरीज पहुंच रहे हैं।

पुवायां। गांव नाहिल में बुखार से दो और गांव टेहरी में एक बच्चे की मौत हो गई है। धारा में भी एक युवक की मौत बुखार से हुई है।

नाहिल निवासी रामलखन की पत्नी 38 वर्षीय शिल्पी को दो दिन से बुखार आ रहा था। गांव के ही एक झोलाछाप से उनका इलाज चल रहा था। बृहस्पतिवार को उनकी मौत हो गई। इसके अलावा गांव के ही रामदत्त मिश्र की पत्नी 45 वर्षीय ममता देवी को तीन दिन से बुखार आ रहा था। उनको पुवायां के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बुधवार को परिजन ममता देवी को इलाज के लिए बरेली ले जा रहे थे। रास्ते में उनकी मौत हो गई।

उधर, गांव टेहरी निवासी धीरेंद्र तिवारी के नौ वर्षीय पुत्र जय तिवारी को पांच दिन से बुखार आ रहा था। जय का शाहजहांपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। बुधवार को जय तिवारी ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। धीरेंद्र तिवारी भी बुखार से पीड़ित हैं और वह भी शाहजहांपुर के निजी अस्पताल में भर्ती हैं। एक अन्य मामले में गांव धारा निवासी पुत्तूलाल के 22 वर्षीय पुत्र सूरज को तीन दिन पूर्व बुखार आया था।

गांव के ही झोलाछाप से सूरज का इलाज कराया गया। फायदा नहीं होने पर गांव नवाबपुर गंगा के एक बंगाली डॉक्टर से इलाज कराया गया। बुधवार रात सूरज की मौत हो गई।

मिर्जापुर। क्षेत्र के ढाईगांव में मनोज शर्मा की 30 वर्षीय पत्नी अनुपमा शर्मा की तेज बुखार से फर्रुखाबाद में इलाज के दौरान मौत हो गई। इससे पहले इसी गांव में समाजसेवी रिजवान अहमद की पत्नी गुलाफ्शां की डेंगू से मौत हो चुकी है। ढाईगांव में सफाई की व्यवस्था बेहद लचर है। कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। नालियां कीचड़ से पटी पड़ीं हैं।

तिलहर। मोहल्ला कांकड़ निवासी 35 वर्षीय मोहम्मद हसीन को एक पखवाड़े से बुखार आ रहा था। इसका लगातार तिलहर में इलाज चलता रहा। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे बरेली के निजी अस्पताल में ले गए। जहां इलाज के दौरान देर रात उसने दम तोड़ दिया। परिजन उसे डेंगू बता रहे थे।

9515 मरीजों का किया उपचार, मलेरिया का एक रोगी मिला

शाहजहांपुर। सीएचसी-पीएचसी पर मरीजों की भीड़ उमड़ रही है। बृहस्पतिवार को मलेरिया का एक रोगी मिला है। स्वास्थ्य इकाइयों पर 9512 मरीजों का उपचार किया गया। इसमें 1811 मरीजों की स्क्रीनिंग में एक मलेरिया का रोगी मिला। इसके अतिरिक्त 19 मरीजों को रेफर किया गया।

जिला मलेरिया अधिकारी डॉ.एसपी गंगवार ने बताया कि अक्तूबर माह में 9657 घरों की जाेच की गई। जिसमें 1556 घरों में लार्वा नष्ट कराया गया।

डीएम ने औचक निरीक्षण कर लिया व्यवस्थाओं का जायजा

शाहजहांपुर। डीएम उमेश प्रताप सिंह ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कटिया टोला का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मरीजों से भी वार्ता की और तैनात फार्मासिस्ट से दवाई के विषय में भी जानकारी ली। पीएचसी कटियाटोला के निरीक्षण के दौरान डीएम ने डॉ. ललतेश कुमार से प्रतिदिन आने वाले मरीजो की संख्या की जानकारी ली। डॉक्टर ने बताया कि प्रतिदिन 100 से अधिक मरीजों को पीएचसी पर परामर्श उपलब्ध कराया जाता है। साफ-सफाई की व्यवस्था भी सही मिली। डीएम ने डॉ.ललतेश की प्रशंसा की। संवाद


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button