Shahjahanpur News: जेई के निलंबन पर एसई के खिलाफ खोला मोर्चा

शाहजहांपुर में जेई के निलंबन के विरोध में एसई कार्यालय में प्रदर्शन करते अभियंता। संवाद
शाहजहांपुर। सिंधौली थाना क्षेत्र के गांव महाऊ दुर्ग में विद्युत टीम के हड़काने के बाद अवनीश गुप्ता के जहर खाकर जान देने के मामले में जेई जयंत कुमार के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है। इससे नाराज राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर संगठन के पदाधिकारियों ने एसई के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। पदाधिकारियों ने एक दिन की मोहलत देते हुए 26 दिसंबर से सांकेतिक विरोध की चेतावनी दी।
अवनीश के घर पर पहुंचीं बिजली निगम की टीम ने 61 हजार रुपये का बकाया होने की बात कहते हुए उन्हें हड़काया था। आहत होकर अवनीश ने बुधवार को जहर खा लिया। राजकीय मेडिकल कॉलेज में उनकी मौत हो गई। मृतक की पत्नी पूनम ने एक्सईएन, एसडीओ, जेई व बिजली निगम की टीम के खिलाफ तहरीर दी थी। इधर, मामले में एसई जेपी वर्मा ने विभागीय जांच के निर्देश दिए। एक्सईएन पुवायां राजकुमार ने उपखंड अधिकारी से जांच कराई, जिसमें बिजली निगम की टीम द्वारा उत्पीड़न नहीं करने की रिपोर्ट एसई को भेज दी गई तब भी एसई ने शनिवार रात अवर अभियंता जयंत कुमार को निलंबित कर दिया। बिना वजह निलंबन की कार्रवाई से अवर अभियंता भड़क गए। राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर संगठन के बैनर तले जेई संवर्ग ने एसई कार्यालय में प्रदर्शन किया। अध्यक्ष केके पटेल ने कहा कि निगोही के जेई शिवशरण प्रसाद, सिंधौली के जयंत कमार का निलंबन वापस लिया जाए। जैतीपुर के जेई नरेंद्र कुमार के खिलाफ डाली गई धनराशि को समाप्त करने की मांग की गई। धरने में उपखंड अधिकारी मनीष चंद्र, हीरा लाल, पीयूष शर्मा, बबलू कुमार, अरुण यादव, जयंत कुमार, मनीष प्रजापति, राकेश कुमार, गुलशन कुमार आदि मौजूद रहे।
मंत्री से मिलने नहीं आए पीड़ित, तहरीर बदलकर दी
– कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित परिवार ने ऊर्जा मंत्री से मिलने का एलान किया था। रविवार को परिवार मिलने नहीं आया था। दूसरी ओर मृतक की पत्नी पूनम ने दूसरी तहरीर दी है, जिसमें बिजली टीम द्वारा हड़काने पर जहर खाकर जान देने की बात कही गई है। मामले में तीन दिन के बाद भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया है।
– महाऊ दुर्ग में 32 कनेक्शन काटने के बाद भी राजस्व प्राप्त नहीं हुआ है। मामले की रिपोर्ट एमडी को भेजी गई थी। प्रशासनिक अधिकारी पर जेई पर कार्रवाई की गई थी। जेपी वर्मा, अधीक्षण अभियंता