Shahjahanpur News: किशोरों से चोरी कराने वाले गिरोह का खुलासा, 25 मोबाइल फोन बरामद

सिंधौली पुलिस की गिरफ्त में मोबाइल चोरी कराने के आरोपी।
शाहजहांपुर/सिंधौली। भीड़ वाले स्थानों और बाजारों से किशोरों से मोबाइल चोरी की घटनाओं अंजाम दिलाने वाले गिरोह का सिंधौली पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने दो बच्चों और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी झारखंड के रहने वाले हैं। उनके पास से 25 मोबाइल बरामद हुए हैं। पुलिस का दावा है कि बरामद मोबाइलों की कीमत करीब चार लाख रुपये है।
सिंधौली थाना क्षेत्र के गांव बड़ावन निवासी अरुण पांडेय का मोबाइल सिंधौली बाजार से चोरी होने पर मुकदमा दर्ज किया गया था। उपनिरीक्षक रणजीत बहादुर सिंह ने विवेचना शुरू की तो गिरोह के बारे में जानकारी मिली। सोमवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम मूर्छा स्थित दुर्गा मंदिर के पास से दो बाइकों पर सवार पांच लोगों को गिरफ्तार किया। ये लोग मोबाइल बेचने की फिराक में थे। पकड़े गए लोगों में दो किशोर हैं। उनके पास से 25 मोबाइल बरामद हुए हैं। एसपी एस. आनंद ने बताया कि झारखंड के जिला साहिबगंज के थाना टाउन के मोहल्ला आजाद नागर निवासी नासिर अली, थाना तालझाड़ी के महाराजपुर मोतीझरना निवासी हफीज और थाना राजमहल के बाबूपुरवा निवासी प्रदीप उर्फ बुच्चा को गिरफ्तार किया गया है।
नासिर 15 हजार रुपये महीने पर करता काम
– पुलिस ने गिरफ्तार किए आरोपियों से पूछताछ की तो हफीज और प्रदीप ने बताया कि वे नासिर के साथ 14 और 10 साल के दो बालकों को लेकर यहां आया था। नासिर बच्चों को वारदात वाले स्थान पर बाइक से छोड़ने और लाने का काम करता हैै। इसके बदले उसे 15 हजार रुपये महीना देते हैं। बालक बाजार में खरीदारी में व्यस्त लोगों की जेब से मोबाइल चोरी करते थे।
पकड़े जाने पर डांटकर छोड़ देते थे लोग
-चोरी करते समय कई बार किशोर पकड़े भी गए, लेकिन कम उम्र होने पर लोग डांट फटकार कर भगा देते थे। आरोपी प्रत्येक मोबाइल पर बालकोंं को 500 रुपये देते थे। प्रदीप पुराने कपड़ों की फेरी लगाता था और बच्चों पर नजर रखता था। नासिर बाइक लेकर दूर खड़ा रहता था। चोरी के बाद किशोर उसी के पास मोबाइल लेकर पहुंचते थे।