Shahjahanpur News: बारिश में दीवार गिरने से युवती की दबकर मौत

बंडा के गांव पमार नगला मे दीवार गिरने से युवती की मौत मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की। संवाद
बंडा के गांव पमार नगला में हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
बंडा। बारिश से गांव पमार नगला में दीवार गिरने से युवती की दबकर मौत हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की।
गांव पमार नगला निवासी राजपाल की 19 वर्षीय पुत्री द्रोपदी मंगलवार सुबह करीब छह बजे शौच के लिए निकली थी। पास में बने अपने ही बग्गर (पशुओं के बांधे जाने का स्थान) में लगे नल से वह पानी भर रही थी। तभी भारी बारिश के चलते मिट्टी की चुनाई से बनी दीवार अचानक भरभराकर उसी के ऊपर गिर गई। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसके परिजनों को सौंप दिया। मां जशोदा देवी, भाई मंटू, बहन मान देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
राजपाल ने बताया उसकी पांच संताने हैं। बड़ी बेटी प्रीति और उससे छोटी रेखा की शादी हो चुकी है। बेटे मंटू के बाद द्रोपदी थी। आठवीं के बाद उसने पढ़ाई छोड़ दी थी। उसकी शादी की तैयारी की जा रही थी। बग्गर में उसने पक्की ईंट की मिट्टी से चुनाई कराई जो बारिश में ढह गई। सरकार की तरफ से चलाई जा रही किसी भी योजना के तहत उसे शौचालय का आवंटन नहीं हुआ ।
परिवार के सदस्य शौच के लिए अब भी बाहर जाते हैं। दीवार गिरने की सूचना राजस्व विभाग को दी गई। मौके पर पहुंचे कानूनगो किशनलाल ने मृतका के पिता को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।