Shahjahanpur News: हमें दे दो कैटल कैचर, गोशाला पहुंचा देंगे छुट्टा पशु

खुटार में ब्लाक प्रमुख को भाजपा नेता के साथ पत्र देते ग्रामीण। संवाद
खुटार। खेतों में फसलों को नुकसान पहुंचा रहे छुट्टा पशुओं से परेशान किसान बुधवार को ब्लॉक कार्यालय पहुंच गए। खंड विकास अधिकारी को संबोधित ज्ञापन ब्लॉक प्रमुख को सौंपकर उन्होंने कैटल कैचर देने की मांग की। कहा कि वह खुद ही छुट्टा पशुओं को पकड़कर सुरक्षित तरीके से गोशाला पहुंचा देंगे। उन्हें इस संबंध में अनुमति प्रदान कर दी जाए।
भाजपा के मंडल महामंत्री देव पटेल के नेतृत्व में ग्राम पंचायत सहारु के पहुंचे किसानों ने बताया कि क्षेत्र में छुट्टा पशुओं से किसान त्रस्त हैं। खुलेआम घूम रहे पशु फसल खराब कर रहे हैं। साथ ही कई लोगों पर हमला करके गंभीर रूप से घायल भी कर चुके हैं। भीषण ठंड में किसान रात में जागकर फसलों की रखवाली कर रहे हैं। इससे फसलों को बचाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान सहारु की प्रधान जसोदा देवी, अमित कुमार, छेदालाल, वीरेंद्र कुमार, पुष्कर वर्मा, अनिल कुमार, भूपेंद्र कुमार, महादेव प्रसाद, विजय कुमार, अभिषेक गुप्ता, सुधाकर, हरिशंकर, जगदीश मौजूद थे।
बीडीओ का दावा- दो माह में पकड़े सवा पांच सौ पशु
– ब्लाॅक क्षेत्र में हाईवे से लेकर गांवों और खेतों में छुट्टा पशुओं के झुंड घूम रहे हैं। खेतों में घुसकर पशु कुछ ही देर में एक-दो बीघा से एकड़ तक फसल चर जाते हैं। खंड विकास अधिकारी वीरेंद्र मिश्रा का दावा है कि नवंबर और दिसंबर में 493 और जनवरी में 32 छुट्टा पशुओं को पकड़कर गोशाला भिजवाया गया है लेकिन इन दावों की पोल खोलने के लिए सड़कों पर घूम रहे छु्ट्टा पशु काफी हैं।
ग्रामीण मिले थे। ठंड की वजह से गोशाला में पशुओं की संख्या नहीं बढ़ाई जा सकती। सिमरा वीरान में जल्द ही नंदी शाला की बाउंड्री बननी है। मैंने उन्हें दस से पंद्रह दिन में समस्या का समाधान कराने के लिए आश्वासन दिया है।
नमित दीक्षित, ब्लॉक प्रमुख खुटार
