Shahjahanpur News: नए ऑडिटोरियम की सौगात मिली

अंटा चौराहा के पास नवनिर्मित ऑडिटोरियम में आयोजित लोकार्पण कार्यक्रम में बोलते वित्त मंत्री सुर
वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने किया लोकार्पण, बोले-स्मार्ट सिटी के तहत कई सौगात मिलेंगी
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। शहर के अंटा चौराहे के पास नवनिर्मित ऑडिटोरियम (प्रेक्षागृह) का रविवार को वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने लोकार्पण किया। इसका नाम भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी ऑडिटोरियम रखा गया है। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह सौगात स्मार्ट सिटी के तहत मिली है। आने वाले दिनों में और भी कई सौगात नगर वासियों को मिलेंगी, जिसके लिए प्रयास जारी हैं।
सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि शहर की सड़कों को पहले से बेहतर बनाया जाएगा। इनमें शहर की तीन प्रमुख सड़कों का प्रस्ताव भेजा गया है। इनमें कचहरी से केरुगंज रोड, घंटाघर से स्टेशन और गर्रा फाटक से पुत्तूलाल चौराहा तक की रोड शामिल हैं।
जिनका निर्माण 13.89 करोड़ रुपये से पीडब्ल्यूडी के माध्यम से करवाया जाएगा। इसके अलावा सामुदायिक केंद्र बनाए जाएंगे। जिनके लिए जगह चिह्नित की गई है। उन्होंने व्यापारियों से शहर में जाम की समस्या से निजात के लिए बनाई गई पार्किंग स्थलों पर ही अपने और ग्राहकों के वाहन खड़े कराए जाने की अपील की।
साथ ही डेंगू के बढ़ते प्रकोप को रोकने के लिए पार्षदों से अपने वार्ड में सफाई, फॉगिंग और एंटी लार्वा का छिड़काव करने को निर्देश दिए। इस मौके पर लोकसभा सांसद अरुण कुमार सागर, राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार कठेरिया, महापौर अर्चना वर्मा, डीसीबी चेयरमैन डीपीएस राठौर, भाजपा जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, डीएम उमेश प्रताप सिंह, सीडीओ एसबी सिंह आदि मौजूद रहे।
–
समिति करेगी प्रेक्षागृह का संचालन
– वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि प्रेक्षागृह का संचालन समिति के माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए नागरिकों की ही कमेटी बनाई गई है। बताया कि प्रेक्षागृह में सांस्कृतिक व सामाजिक गतिविधियां हो सकेंगी। 500 कुर्सियां पड़ी है, 60 कुर्सियां अलग से पड़ सकती हैं।
–
प्रेक्षागृह में हुआ मैच का प्रसारण
– नवनिर्मित प्रेक्षागृह के लोकार्पण कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम तथा इंग्लैंड बनाम इंडिया के बीच क्रिकेट मैच का प्रसारण एलईडी पर किया गया।

अंटा चौराहा के पास नवनिर्मित ऑडिटोरियम में आयोजित लोकार्पण कार्यक्रम में बोलते वित्त मंत्री सुर

