Shahjahanpur News: किराना व्यापारी ने फंदे से लटककर जान दी
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Thu, 01 Jun 2023 12:26 AM IST
जलालाबाद। मानसिक रूप से परेशान किराना व्यापारी ने सीओ आवास के पास दरगाह के परिसर में पेड़ पर फंदा लगाकर जान दे दी।
थाना क्षेत्र के मोहल्ला शास्त्रीनगर निवासी राजीव श्रीवास्तव (58) की कोतवाली तिराहे पर किराना की दुकान है। उनके बेटे अनुज ने बताया कि उसके पिता का बीते दो साल से मानसिक हालत ठीक नहीं है, जिसका इलाज चल रहा है। बुधवार सुबह वह बिना किसी को बताए अचानक घर से बाहर निकल गए। यह पता लगने पर घर के लोग उनकी तलाश में जुट गए। बड़ी बहन स्वीटी भी आसपास उन्हें ढूंढ रही थी। दोपहर के समय स्वीटी घर से कुछ दूर मोहल्ला नवीननगर में सीओ आवास से सटी एक दरगाह में पिता को तलाश करते हुए पहुंच गई ।वहां नीम के पेड़ पर उसके पिता का शव रस्सी के सहारे लटका मिला। स्वीटी चीखते हुए घर की तरफ भागी। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। जांच पड़ताल कर शव को नीचे उतारा। मृतक के घर में पत्नी के अलावा दो बेटे और तीन बेटियां हैं। सभी शादीशुदा हैं। कोतवाल प्रवीण सोलंकी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। मृतक के मानसिक परेशान होने की बात सामने आई है।