Pilibhit News: दोबारा मतगणना के लिए सपा प्रत्याशी ने दाखिल की याचिका
– पालिकाध्यक्ष समेत 13 लोगों को बनाया प्रतिवादी
– अदालत ने याचिका स्वीकार कर सुनवाई के लिए जारी किए नोटिस
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। नगर पालिका परिषद पीलीभीत के अध्यक्ष पद पर पुन: गिनती कराने के लिए समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार नसरीन अंसारी ने जिला निर्वाचन अधिकारी व निर्वाचित पालिका अध्यक्ष सहित 13 प्रतिवादियों के विरुद्ध जिला जज के न्यायालय में याचिका दाखिल की है। जिला जज सुधीर कुमार ने प्रतिवादियों को नोटिस जारी करते हुए सुनवाई के लिए 14 जुलाई 2023 की तिथि नियत की है।
नसरीन अंसारी के अधिवक्ता राशिद मिया कदीरी की ओर से जिला जज के न्यायालय में दाखिल की गई याचिका में पालिकाध्यक्ष आस्था अग्रवाल के अलावा उर्मिला गौतम, कमरुल निशा, शबना खान, आकांक्षा अग्रवाल, पुष्पा, प्रियंका कौशिक, मीरा अग्निहोत्री, विमला जायसवाल, सावित्री देवी, रिटर्निंग ऑफिसर नगर पालिका परिषद पीलीभीत, उप निर्वाचन अधिकारी/ उप जिलाधिकारी पीलीभीत, जिला निर्वाचन अधिकारी / जिला अधिकारी पीलीभीत को प्रतिवादी बनाया गया है।
याचिका में कहा है कि वर्ष 2023 के स्थानीय निकाय चुनाव में वह समाजवादी पार्टी से और आस्था अग्रवाल भारतीय जनता पार्टी से चुनाव लड़ीं थीं। चुनाव 11 मई को व मतगणना 13 मई को हुई। जिसमें निर्वाचन आयोग के निर्देशों का उल्लंघन करते हुए मतगणना नियम विरुद्ध तरीके से कर भाजपा प्रत्याशी को प्रतिवादियों ने निर्वाचित किया। मतगणना में गड़बड़ी की गई। इस बाबत लिखित आपत्ति भी की, जिसे खारिज कर दिया गया। याचिका में दोबारा मतगणना कराने की मांग की गई है।