Shahjahanpur News: अर्धनग्न होकर निकाला जुलूस, लगा जाम

अर्धनग्न होकर प्रदर्शन करते ग्रामीण। संवाद
तिलहर। नाला निर्माण की मांग को लेकर मौजमपुर गौटिया गांव के तमाम लोगों ने नगर में अर्धनग्न होकर जुलूस निकाला। इससे मुख्य चौराहे पर जाम लगा दिया। प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
आंबेडकर गांव मौजमपुर गौटिया में बीते तीन महीने से गांव में भरने वाले पानी के निकास के लिए नाला निर्माण होना है। बावजूद नाला निर्माण मार्ग को लेकर दो पक्षों में आपसी विरोध है। समाजसेवी रामलाल वर्मा नाला निर्माण करने की मांग को लेकर कई बार धरना प्रदर्शन कर चुके हैं। बीते कुछ दिन पहले नाला निर्माण कार्य प्रशासन ने शुरू कराया तो भाजपा नेत्री आरती सिंह एवं रीना ने पानी की टंकी पर चढ़कर कई घंटे तक विरोध किया था। एसडीएम अंजलि गंगवार ने नाला निर्माण को तत्काल बंद कर दिया था।
अब एक बार फिर नाला निर्माण करने को लेकर समाजसेवी रामलाल वर्मा एवं ईश्वरवती ने तमाम ग्रामीणों के साथ अंबेडकर पार्क पर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है। इसी धरना प्रदर्शन के तहत मंगलवार को नगर में ग्रामीणों ने अर्धनग्न होकर प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। मुख्य चौराहे पर प्रदर्शन होने से काफी देर तक जाम लगा रहा। इस दौरान पिंकी सागर, अलका, अंजलि, प्रवेश कुमारी, गायत्री देवी, सरला देवी, हसमुखी, ईश्वरी देवी, रामसनेही, जगदीश राठौर, रामपाल सागर, महेंद्र कुमार, सियाराम सागर, अरेंद्र राठौर, मनोज कुमार, वीरपाल, नन्हे पाल, राम लाल वर्मा आदि मौजूद रहे।