Shahjahanpur News: नए कलेवर में दिखेगा हनुमतधाम, करीब दस करोड़ से होगा सुंदरीकरण

हनुमत धाम शाहजहांपुर।संवाद
शाहजहांपुर। पर्यटन स्थल के रूप में विकसित हो रहा हनुमतधाम अब नए कलेवर में दिखाई देगा। अब पक्का पुल से हनुमतधाम के नए पुल तक पक्की दीवार बनाई जाएगी। इसके साथ ही पाथ-वे बनेगा जहां लोग टहल सकेंगे। सुंदरीकरण का कार्य भी होगा। इसके लिए शासन को संशोधित डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) भेजी गई है। इसके माध्यम से नौ करोड़ 92 लाख से अधिक की धनराशि मांगी गई है। जबकि पूर्व में 15 करोड़ रुपये की डीपीआर भेजी गई थी।
शहर के विसरात रोड पर स्थित हनुमतधाम 104 फुट ऊंची हनुमानजी की प्रतिमा के लिए पहचाना जाता है। हनुमतधाम की प्रसिद्धि जिले में ही नहीं दूरदराज के जिलों तक है। वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना के ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल विसरात रोड स्थित हनुमत धाम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है।
इसके तहत हनुमत धाम के सुंदरीकरण के साथ ही घाटों का निर्माण किया जा रहा है। इसी क्रम में सुरक्षा की दृष्टि से पक्का पुल से हनुमतधाम के नए पुल तक दीवार बनाए जाने का निर्णय किया गया है। इसके साथ ही पाथ-वे भी बनाया जाएगा।
इस पाथ-वे की लंबाई एक किमी से अधिक होगी। इसके लिए 15 करोड़ रुपये का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया था, जिसको स्वीकृति न मिलने पर संशोधित डीपीआर भेजी गई है।
–
रोप-वे बनने से मिलेगा पर्यटन को बढ़ावा
बड़े शहरों की तर्ज पर सिटी पार्क कॉलोनी के पीछे से हनुमतधाम तक डेढ़ किलोमीटर का रोप-वे भी बनाया जाएगा। वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना द्वारा ही रोप-वे को स्वीकृत कराया गया है। इसके लिए सर्वे भी हो चुका है। शासन से धनराशि स्वीकृत होने का इंतजार किया जा रहा है। रोप-वे बनने के बाद हनुमतधाम पर पर्यटन को बढ़ावा मिल सकेगा। साथ ही रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
मल्टीलेवल कार पार्किंग का काम हुआ लगभग पूरा
हनुमधाम पर खन्नौत नदी के किनारे मल्टीलेवल कार पार्किंग का निर्माण कार्य चल रहा है। यह लगभग पूरा होने वाला है। कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस के अधिकारियों के मुताबिक निर्माण कार्य लगभग पूरा हो गया है, फिनिशिंग का कार्य चल रहा है। यह जल्द ही पूरा करा लिया जाएगा। इसके बाद इसका लोकार्पण हो सकेगा। कार पार्किंग बनाए जाने का उद्देश्य हनुमतधाम पर आने वाले लोगों को जाम की समस्या से निजात दिलाना है।
हनुमधाम पर निर्माण और सुंदरीकरण का कार्य चल रहा है। सुरक्षा की दृष्टि से पक्की दीवार बनाए जाने का निर्णय किया गया है। इसके साथ ही पाथ-वे बनाया जाएगा। पूर्व में भेजी गई डीपीआर को दोबारा संशोधित कर शासन को भेज दिया गया है। धनराशि स्वीकृत होते ही कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
– आशीष त्रिवेदी, अधिशासी अभियंता, निर्माण, नगर निगम