Shahjahanpur News: सावन के दूसरे सोमवार को शिव मंदिरों में गूंजा हर-हर महादेव

बाबा विश्वनाथ मंदिर में लगी श्रद्धालुओं की कतार
शाहजहांपुर। सावन के दूसरे सोमवार को सुबह से ही शिव मंदिरों में हर-हर महादेव के जयकारे गूंज उठे। गली-गली बम भोले की गूंज सुनाई दे रही थी। शिवभक्तों ने मंदिरों में शिवलिंग का जल और दूध से अभिषेक किया। प्रमुख मंदिरों में शिवभक्तों की कतारें देखने को मिलीं।
बाबा विश्वनाथ, बाबा वनखंडी नाथ, बाबा चौकसी नाथ के जलाभिषेक के लिए भक्त सुबह पांच बजे से ही मंदिर पहुंचना शुरू हो गए थे। भक्तों ने शिवजी के जलाभिषेक के साथ बिल्व पत्र, आक-धतुरा, फल सहित अन्य चीजें अर्पित कर सुख समृद्धि की कामना की।
पैना बुजुर्ग स्थित बाबा त्रिलोकी नाथ धाम में महादेव के जलाभिषेक के लिए तड़के तीन बजे से ही भक्तों की कतार लगी रही। सुबह होते-होते कतार लंबी होती गई। भक्त कतार में खड़े-खड़े हर-हर महादेव के जयकारे लगाते रहे। गर्भगृह में महादेव के जलाभिषेक के लिए भक्तों में होड़ सी मची रही। यही हाल ग्रामीण क्षेत्रों में बंडा के सुनासिर नाथ मंदिर, कलान के पटना देवकली मंदिर, गोगेपुर के प्राचीन शिव मंदिर, दिउरा के प्राचीन शिव मंदिर, अल्हागंज के पांडव कालीन शिव मंदिर रहा। इन सभी मंदिरों के कपाट सुबह चार बजे ही भक्तों की पूजा के लिए खोल दिए गए थे। मंदिरों में शाम तक श्रद्धालुओं की भीड़ रही। सुरक्षा की दृष्टि से प्रमुख मंदिरों के बाहर पुलिस कर्मी तैनात रहे।
मंदिरों के बाहर लगीं बेलपत्र और प्रसाद की दुकानें
सावन भर शिव के भक्त मंदिर जाकर बाबा को बेलपत्र, धूतरा, भांग, फल-फूल और प्रसाद चढ़ाते हैं। इसको लेकर मंदिरों के बाद बेलपत्र और प्रसाद की दुकानें सजी रहीं। सोमवार को भी बाबा विश्वनाथ मंदिर और बाबा वनखंडी नाथ मंदिर की ओर जाने वाले रास्तों पर कई लोग दुकानें लगाए बैठे थे।

बाबा विश्वनाथ मंदिर में लगी श्रद्धालुओं की कतार