Shahjahanpur News: गलत इंजेक्शन से छात्र की मौत के मामले में जांच करेगा स्वास्थ्य विभाग
एसीएमओ ने मामले का संज्ञान लेते हुए एमओआईसी से ली जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। मदनापुर थाना क्षेत्र के गांव प्रतापपुर गहवरा निवासी सौरभ सिंह की गलत इंजेक्शन लगने के बाद मौत के मामले का स्वास्थ्य विभाग ने संज्ञान लिया है। एसीएमओ डॉ. आसिफ ने बताया कि वह खुद जाकर जांच कर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई करेंगे।
राजकुमार सिंह का कक्षा 12 में पढ़ने वाले बेटा सौरभ सिंह बृहस्पतिवार को बुखार की दवा लेने के लिए बुधवाना रोड पर एक झोलाछाप के पास गया था। इंजेक्शन लगने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। हालात गंभीर होने पर उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी मौत हो गई।
मृतक के पिता राजकुमार ने आरोपी डॉक्टर के खिलाफ तहरीर दी है। शनिवार को एसीएमओ डॉ. आसिफ ने मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने मदनापुर के एमओआईसी से संपर्क साधकर जानकारी ली। डॉ. आसिफ ने बताया कि प्रकरण की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।