Shahjahanpur News: गंगा की बाढ़ पार कर गांवों में पहुंचीं स्वास्थ्य टीमें, 147 का किया इलाज

बाढ़ग्रस्त ग्राम पैलानी उत्तर में लगे स्वास्थ्य शिविर में रोगियों को दवा देते स्वास्थ्यकर्मी। जा
शाहजहांपुर/मिर्जापुर। गंगा के बाढ़ क्षेत्रों में अब गांवों में स्वास्थ्य टीमें पहुंचने लगीं हैं। शुक्रवार को गांव में शिविर लगाकर 147 लोगों का इलाज किया गया। 67 लोगों के जांच के लिए सैंपल लिए गए। इसके साथ ही क्षेत्र में मोबाइल टीम भी सक्रिय हो गईं हैं।
गंगा की बाढ़ उतरने के बाद चल रहे संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए डिप्टी सीएमओ डॉ. मोहम्मद आसिफ के नेतृत्व में बाढ़ से जलमग्न रहे ग्राम पैलानी उत्तर, कटैला नगला और मस्जिद नगला में स्वास्थ्य शिविर लगाए गए। सीएचसी जरियनपुर के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. आदेश रस्तोगी ने बताया कि ग्राम पैलानी उत्तर में लगाए गए स्वास्थ्य शिविर में कुल 56 रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें दवा दी गई। इनमें बुखार के 25 रोगियों की मलेरिया और डेंगू जांच के लिए ब्लड सैंपल लिए गए।
कटैला नगला में लगे स्वास्थ्य शिविर में कुल 38 रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाएं दीं गईं। यहां बुखार के 16 रोगियों की मलेरिया और डेंगू की जांच के लिए ब्लड सैंपल लिया गया। इसी तरह ग्राम मस्जिद नगला में लगे शिविर में कुल 53 रोगी दवा लेने आए। इनमें बुखार के 18 रोगियों के ब्लड की स्लाइड बनाई गईं हैं।
उधर, डिप्टी सीएमओ डॉ. मोहम्मद आसिफ के साथ चल रहीं स्वास्थ्य मोबाइल टीम ने जलालाबाद-ढाईघाट स्टेट हाईवे, इस्लामनगर-बांसखेड़ा, भरतपुर-पैलानी संपर्क मार्गों पर आश्रय लिए बाढ़ पीड़ितों में 35 रोगियों का परीक्षण कर दवा दी गई। टीम ने बुखार के आठ रोगियों की मलेरिया और डेंगू की जांच के लिए ब्लड सैंपल लिए।
डिप्टी सीएमओ डॉ. मोहम्मद आसिफ ने बताया कि मलेरिया की जांच सीएचसी में ही हो जाएगी, जबकि डेंगू की जांच के लिए ब्लड की स्लाइड मेडिकल कॉलेज और लखनऊ भेजी जाएगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मलेरिया और डेंगू की पुष्टि होगी। उन्होंने बताया कि सभी बाढ़ग्रस्त गांवों में स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे।
गांवों में शुरू हुआ छिड़काव
सीएचसी के स्वास्थ्य पर्यवेक्षक विपिन कुमार पांडेय ने बताया कि बाढ़ प्रभावित ग्राम पैलानी उत्तर, कटैला नगला और मस्जिद नगला में समाजसेवी रिजवान अहमद के सहयोग से एंटी लार्वा का स्प्रे करवाया गया। ग्रामीणों को पेयजल स्वच्छता के लिए क्लोरीन की टेबलेट दी गईं।
गंगा समेत सभी नदियों का जलस्तर घटा
गंगा का जलस्तर 142.42 गेज, रामगंगा का 159.720 गेज, गर्रा का 144.25 गेज और खन्नौत नदी का 142.90 गेज दर्ज किया गया। शुक्रवार को गंगा में नरौरा बैराज से 46,458 क्यूसेक पानी, रामगंगा में विभिन्न बैराजों से 9,837 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है।
बाढ़ क्षेत्रों में संक्रमण फैलने की स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने गांवों में शिविर लगा दिए हैं। गांवों में राहत सामग्री का वितरण भी लगातार किया जा रहा है। जिससे ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
– डाॅ. सुरेश कुमार, एडीएम वित्त एवं राजस्व, बाढ़ प्रभारी अधिकारी

बाढ़ग्रस्त ग्राम पैलानी उत्तर में लगे स्वास्थ्य शिविर में रोगियों को दवा देते स्वास्थ्यकर्मी। जा