Bareilly News: रेलवे स्टेशन पर नहीं बना फुट ओवरब्रिज, जोखिम उठाते हैं यात्री
बहेड़ी। तहसील मुख्यालय होने के बाद भी बहेड़ी रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का अभाव है। रेलवे स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज नहीं होने से यात्रियों को पैदल ट्रैक पार करना पड़ रहा है। बुजुर्गों, महिलाओं और छोटे बच्चों के साथ लगेज लेकर स्टेशन पहुंचे यात्री जान जोखिम में डालकर पैदल पटरी पार करके प्लेटफार्म नंबर एक से दो नंबर प्लेटफार्म पर जाते हैं। इस वजह से हादसे भी होते रहते हैं।
बृहस्पतिवार को ट्रैक पार कर रही है युवती ट्रेन के इंजन की चपेट में आ गई। गनीमत रही कि लोको पायलट ने समय रहते ब्रेक लगा लिए, नहीं तो किशोरी की जान भी जा सकती थी। नियमित यात्री और स्थानीय लोग लंबे समय से यहां फुट ओवरब्रिज बनाने की मांग कर रहे हैं। अमृत भारत अभियान के तहत इन दिनों स्टेशन का जीर्णोद्धार भी किया जा रहा है। ओवरब्रिज निर्माण को इस प्रोजेक्ट में शामिल नहीं किया गया है।
अधिकारियों का कहना है कि यहां आने वाली ज्यादातर ट्रेनें एक नंबर प्लेटफार्म पर ही आती हैं। वहीं, यात्रियों ने बताया कि आए दिन क्रॉसिंग के चलते ट्रेनों का ठहराव दो नंबर प्लेटफार्म पर किया जाता है। जब ट्रेन दो नंबर प्लेटफार्म पर खड़ी होती है उस समय पटरी पार करने के अलावा उस ओर जाने का कोई दूसरा विकल्प नहीं है।
स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का अभाव
बरेली-लालकुंआ रूट को करीब 10 पहले मीटरगेज से ब्रॉडगेज किया गया था। वर्ष 2022 में इस रूट को पूरी तरह से इलेक्ट्रिक कर दिया गया। इसके बाद भी बहेड़ी स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए पर्याप्त काम नहीं हुए हैं। प्लेटफार्म पर पड़ी टीनशेड की लंबाई को नहीं बढ़ाया गया। कई अन्य अव्यवस्थाएं भी हैं। वर्तमान में यहां अमृत भारत अभियान के तहत काम कराए जा रहे हैं। स्टेशन मास्टर ने बताया कि पहले चरण में बुकिंग खिड़की, वेटिंग रुम, चहारदीवारी, रेलवे कर्मचारियों के आवास, प्लेटफार्म की ऊंचाई बढ़ाने, टॉयलेट निर्माण समेत अन्य काम कराए जाने हैं।
बातचीत:
ओवरब्रिज निर्माण के लिए कई बार ज्ञापन दिया गया। अब तक रेलवे के अधिकारियों ने इसकी सुध नहीं ली है। पटरी पार कर दूसरी ओर जाने के दौरान आए दिन हादसे होते हैं। – मुनीश गंगवार, छात्र
प्रतिदिन ट्रेन के जरिये बरेली से बहेड़ी आते हैं। अब तक मेरी आंखों के सामने ही कई हादसे हो चुके हैं। यहां ओवरब्रिज का निर्माण होना बहुत जरूरी है।- राजीव सक्सेना शिक्षक
वर्जन:
बहेड़ी रेलवे स्टेशन पर दो प्लेटफार्म हैं। प्लेटफार्म नंबर एक पर सवारी गाड़ियों का आवागमन होता है। प्लेटफार्म नंबर दो लदान के लिए उपलब्ध है। बहेड़ी समेत कई छोटे स्टेशनों पर फुट ओवरब्रिज प्रस्तावित हैं। मुख्यालय से प्रस्ताव को मंजूरी मिलते ही काम शुरू करा दिया जाएगा।- राजेंद्र सिंह, पीआरओ इज्जतनगर मंडल



