शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: हाईटेक दो नर्सरी में एक साल में 32 लाख पौधे हाेंगे तैयार

Connect News 24

आले नबी

शाहजहांपुर। गर्मी-सर्दी और बरसात की परवाह किए बिना खेत में बीज बोकर फसल को तैयार करने वाले किसानों को प्रशासन ने राहत देने की कवायद शुरू कर दी है। किसानों को खेत में बुवाई करने के झंझट से निजात दिलाने के लिए जिले में दो हाईटेक पौधशाला तैयार की जाएगी। जहां पर अन्नदाताओं को सस्ते दाम में पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे। एक नर्सरी में सालभर में सब्जी व फल के 16 लाख पौधों को तैयार करने की कार्ययोजना है।

ददरौल विकासखंड के पैतापुर गांव व कृषि विज्ञान केंद्र नियामतपुर में राजकीय पौधशाला को तैयार किया जाएगा। जहां पर बेहतर गुणवत्ता के फल व सब्जी के पौधों को तैयार किया जाएगा। पौधों को उगाकर किसानों को सस्ते दामों में उपलब्ध कराएंगे। इससे किसानों का खेत में समय की बचत होगी, साथ ही उन्हें बीज खरीदने से लेकर बुवाई, सिंचाई आदि भी नहीं करना पड़ेगा। जिला उद्यान अधिकारी राघवेंद्र सिंह ने बताया कि एक फसल तैयार करने में किसानों का काफी अधिक समय बीत जाता है। तैयार पौध मिलने से किसानों का खेत में समय की बचत होगी।

सब्जी व फलों के पौधे आसानी से मिलेंगे

-पौधाशालाओं को बनाने के लिए सारी तैयारियां पूरी कर ली गईं। चहारदीवारी बनाने का कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा। नर्सरी में टमाटर, पत्ता गोभी, मिर्च, शलजम समेत सब्जी की कई तरह की वैरायटी को उगाया जाएगा। इसी तरह ताइवान पिंक अमरूद, डायमंड, आम आदि के पौधे तैयार किए जाएंगे।

1.28 करोड़ रुपये का है बजट

शासन ने एक नर्सरी को तैयार करने के लिए 1.28 करोड़ रुपये का बजट रखा है। इसकी फेंसिंग व इंटरलॉकिंग आदि के लिए साढ़े तीन करोड़ रुपये खर्च होंगे। नर्सरी के निर्माण में मनरेगा, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना व राजकीय आजीविका मिशन का सहयोग लिया जाएगा।

-फसल को तैयार करने में किसानों को काफी समय लगता है। बीज बुवाई से लेकर पौधा तैयार होने में काफी समय खेत घिरा रहता है। इसके चलते किसानों को तैयार पौधा सस्ते दामों में उपलब्ध कराने की तैयारी है। -राघवेंद्र सिंह, जिला उद्यान अधिकारी


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button