Shahjahanpur News: एपीओ और तकनीकी सहायक का मानदेय रोका
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Mon, 25 Dec 2023 12:24 AM IST

गांव सियुरा में गोशाला का निरीक्षण करते सीडीओ। स्रोत: प्रशासन
शाहजहांपुर। सीडीओ एसबी सिंह ने सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र के गांव डींगरपुर में अमृत सरोवर निर्माण के लिए चयनित तालाब का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें पता चला कि जहां ग्राम प्रधान, तकनीकी सहायक, ग्राम सचिव और अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी की लापरवाही के चलते सरोवर का निर्माण नहीं हो पाया। सीडीओ ने तकनीकी सहायक आनंद मोहन मिश्रा और अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी बलवेंद्र सिंह का कार्य पूरा होने तक मानदेय रोक दिया। साथ ही खंड विकास अधिकारी और ग्राम प्रधान को नोटिस जारी किया है।
इसी ग्राम पंचायत के प्राथमिक विद्यालय में मनरेगा योजना के तहत निर्मित मध्याह्न भोजन शेड का निरीक्षण किया गया। स्कूल के समीप निर्मित पंचायत भवन के निरीक्षण में पाया गया कि दीवारों का प्लास्टर छूट कर नीचे गिर रहा है जिसे सही कराने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत विषफकलां में मनरेगा योजना के तहत बनवाए गए अमृत सरोवर का निरीक्षण में पाया कि तालाब का रकबा लगभग 50 बीघा का है। जिसके आधे हिस्से में अमृत सरोवर का निर्माण कराया गया और आधा हिस्सा खाली पड़ा है। अमृत सरोवर में मछली पालन के लिए पट्टा किया गया जिसमें पट्टा धारक द्वारा मछली पालन किया जा रहा है। संबंधित उपस्थित खंड विकास अधिकारी एवं तकनीकी सहायक को शेष आधे हिस्से में नए अमृत सरोवर का निर्माण कराने के लिए कहा है। ग्राम पंचायत सिऊरा में निर्मित गोशाला का निरीक्षण किया जिसकी क्षमता 80 गोवंश रखने की है, जिसके सापेक्ष 82 पशु मिले। ठंड से बचाव के लिए शेड के चारों तरफ तिरपाल लगा पाया गया। इस दौरान डीडीओ पवन कुमार सिंह, बीडीओ अरविंद रस्तोगी, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी विनय पटेल आदि उपस्थित रहे।

