शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: भाजयुमो नेता के साथ अस्पताल के गार्डों ने की हाथापाई, जमकर हंगामा

Connect News 24

शाहजहांपुर। राजकीय मेडिकल कॉलेज में सिक्योरिटी गार्ड मरीजों व उनके तीमारदारों से अभद्रता करने से बाज नहीं आ रहे। सोमवार को मदनापुर के भाजयुमो नेता उज्जवल मिश्रा से बाइक हटाने को लेकर गार्डों ने अभद्रता कर दी। बीच-बचाव करने आए उनके भाई प्रदीप मिश्रा से भी गार्डों ने हाथापाई की। जमकर हंगामा हुआ। मामले में थाने में तहरीर दी गई है।

उज्जवल मिश्रा की पत्नी ने 15 दिन पहले राजकीय मेडिकल काॅलेज में बच्ची को जन्म दिया था। बच्ची की हालत गंभीर होने पर सोमवार को डॉक्टर ने दूसरे अस्पताल ले जाने की सलाह दी। दोपहर करीब एक बजे उज्जवल अपनी बाइक हटा रहे थे। तभी सिक्योरिटी गार्ड ने बाइक खड़ी करने को लेकर अभद्रता शुरू कर दी।

गार्ड अश्वनी मिश्रा ने उज्जवल को खूब खरी-खोटी सुनाई। पहले से परेशान उज्जवल को गार्ड एजेंसी के अधिकारी ने पुलिस द्वारा कार्रवाई करने की चेतावनी देते हुए चौकी के दरोगा को फोन लगा दिया। पीड़ित ने अपने बड़े भाई भाजपा नेता प्रदीप मिश्रा को पूरी जानकारी दी। वह परिवार के साथ अस्पताल आने के लिए निकले। वहां पहुंचकर प्रदीप ने बीच-बचाव का प्रयास किया।

इस बीच सिक्योरिटी गार्ड ने प्रदीप व उज्जवल के साथ अभद्रता कर दी। प्रदीप का आरोप है कि उनके साथ मारपीट की गई। जिस पर काफी हंगामा हुआ। दोनों पक्षों को पुलिस चौकी ले जाया गया। जहां पर सिक्योरिटी गार्ड और प्रदीप में जमकर नोकझोंक हुई। सिक्योरिटी गार्ड अश्वनी ने तेवर दिखाते हुए कांस्टेबल बिलाल की बात को अनसुना कर दिया। जिस पर बिलाल भड़क गए। उन्होंने दोनों पक्षों से नाराजगी जताई। काफी देर तक चले हंगामे के बाद मामले का हल नहीं निकला। भाजपा नेता ने मामले में थाने में तहरीर दी है।

प्रधानाचार्य की गाड़ी आने का दिखाया खौफ

जिस जगह पर उज्जवल की गाड़ी खड़ी थी। वहां पर पूर्व से करीब 20 से 25 बाइकें थीं। सिक्योरिटी गार्ड ने अनाधिकृत स्थान पर गाड़ी खड़ी करने पर उज्जवल से अभद्रता की। उनका कहना था कि प्रधानाचार्य की गाड़ी आने वाली है। वह नाराजगी जताएंगे।

भाजपा नेताओं तक पहुंची बात

सिक्योरिटी गार्ड द्वारा अभद्रता करने पर प्रदीप ने पीडब्ल्यूडी मंत्री के करीबी कौशल मिश्रा को फोन कर पूरी जानकारी दी। इसके बाद अपने संगठन के नेताओं को भी बताया।

डीएम के निर्देश के बाद भी गार्ड नहीं आ रहे बाज

राजकीय मेडिकल कॉलेज में मरीजों से अभद्रता करने की शिकायत आने पर शुक्रवार को डीएम ने निरीक्षण के दौरान चेताया था। उसके बाद भी सिक्योरिटी गार्ड मरीजों से उलझने से बाज नहीं आ रहे हैं।

सिक्योरिटी गार्ड ने गाड़ी खड़ा करने से रोका था। मारपीट की जानकारी नहीं है। बहस की सूचना हमारे पास आई थी।

– डॉ. राजेश कुमार, प्राचार्य


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button