Shahjahanpur News: अस्पताल के साझेदार को भेजा जेल, धारा भी बदली गईं
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Sun, 21 May 2023 12:12 AM IST
कांट। थाना क्षेत्र के कुर्रियाकलां स्थित नर्सिंग होम संचालिका रुचि सक्सेना की मौत के मामले में पुलिस ने साझेदार सोनू वर्मा को जेल भेज दिया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करने के बाद सोनू को गिरफ्तार किया गया। जांच में मामला आत्महत्या का लगने पर धाराएं बदली गईं हैं।
अस्पताल संचालिका की मौत के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया था। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अस्पताल के साझेदार सोनू वर्मा व दो अन्य के खिलाफ हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर लिया था। पुलिस ने सोनू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज भी चेक किए थे। इसमें रुचि द्वारा चैंबर के अंदर जाने और दरवाजा तोड़कर उसका शव उतारे जाने की बात सामने आई।
थाना प्रभारी जयशंकर सिंह के अनुसार, रुचि अस्पताल में रुकने का दबाव बनाती थी। इसी बात को लेकर सोनू से विवाद होता था। इसी बात को लेकर दोनों में नोकझोंक हुई थी। सीओ सदर अमित चौरसिया ने बताया कि मामला आत्महत्या का होना स्पष्ट हो गया। इसलिए केस में आईपीसी की धारा 306 (आत्महत्या के लिए उकसाने) के तहत तरमीम किया गया है।