Shahjahanpur News: कोर्ट मैरिज कर छोड़ गया पति, पुलिस की अनसुनी से आहत महिला ने खाया जहर
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Thu, 14 Dec 2023 01:00 AM IST

राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती गौरा देवी।स्रोत जागरुक पाठक
शाहजहांपुर। कोर्ट मैरिज के बाद पति के छोड़कर चले जाने की शिकायत पर पुलिस ने सुनवाई नहीं की तो महिला ने बुधवार को जहर खा लिया। उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि महिला दस दिन से थाना और चौकी के चक्कर काट रही थी। पुलिस ने मामले की जानकारी से इन्कार किया है।
थाना सदर बाजार क्षेत्र के निजामपुर गौटिया निवासी गौरा देवी (32) का विवाह 2011 में गांव के रामू के साथ हुआ था। उनके चार बच्चे भी हैं। दो साल पहले हादसे में रामू की मौत हो गई। दो महीने पहले गौरा देवी ने गांव के ही एक युवक के साथ कोर्ट मैरिज की थी लेकिन युवक उसे अपने घर नहीं ले गया और उसी के घर पर रुकने लगा। 15 दिन से युवक ने महिला से बात करनी भी बंद कर दी। महिला के भाई पोथीराम के अनुसार, दस दिन पहले युवक पर कार्रवाई के लिए पीड़िता ने सदर बाजार थाने में तहरीर दी। थाने से उसे शहबाजनगर चौकी भेज दिया गया। पुलिस ने युवक को फोन कर बुलाने की कोशिश की लेकिन वह नहीं आया। गौरा देवी ने बताया कि वह दस दिन से लगातार थाने और चौकी के चक्कर लगा रही है। उसकी सुनवाई नहीं की जा रही है। इससे नाराज गौरा देवी ने बुधवार सुबह करीब नौ बजे जहरीला पदार्थ खा लिया। इस बीच भतीजा सचिन घर पहुंचा तो वह बेहोश मिलीं। तुरंत ही उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। इंस्पेक्टर सदर रवींद्र सिंह ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। शिकायत लेकर महिला थाने नहीं आई थी।
-कार्यालय में महिला ने कोई प्रार्थना पत्र नहीं दिया है। तहरीर मिलने पर आरोपों की जांच कराकर गुण-दोष के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
सुधीर जायसवाल, एसपी सिटी