Shahjahanpur News: नशा करने के लिए रेकी के बाद करते थे चोरी

सदर बाजार पुलिस की गिरफ्त में चोरी के आरोपी। स्रोत-पुलिस
शाहजहांपुर। बंद घरों की रेकी कर चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गोविंदगंज रेलवे फाटक के पास से गिरफ्तार कर लिया। दोनों ने बीते दिनों दो वारदात की थीं। गिरोह के सदस्य नशे का शौक पूरा करने के लिए चोरियां करते थे। जबकि, मुख्य आरोपी फरार है।
16 नवंबर को सुभाष सिंह और 13 दिसंबर को निर्वाचन कार्यालय की कर्मचारी संगीता मौर्या के बंद मकानों के ताले ताेड़कर चोरों ने लाखों रुपये का माल उड़ा दिया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। बुधवार को सदर पुलिस ने गोविंदगंज रेल फाटक के पास से मुखबिर की सूचना पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से दो जोड़ी पायल, पांच सिक्के, म्यूजिक सिस्टम, एलईडी, पांच सौ रुपये, तमंचा व चाकू बरामद हुआ। इंस्पेक्टर रवींद्र सिंह ने बताया कि आरोपियों की पहचान बिजलीपुरा निवासी शीबू खान और मोहम्मद शादान उर्फ छमिया के रूप में हुई है। इनका तीसरा साथी भाग गया। बताते हैं कि वह दिल्ली चला गया है।
गिरोह के सदस्य पूरे दिन घूमकर ऐसे घरों की रेकी करते थे, जो बंद मिलते हैं। रात 12 बजे तक इंतजार करने के बाद मकान मालिक जब नहीं आता है तो ताला तोड़कर वारदात को अंजाम देते थे।