Shahjahanpur News: सड़क नहीं बनी तो आज व्यापारी करेंगे प्रदर्शन

व्यापारियों के साथ बैठक करते उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के महानगर अध्यक्ष सचिन ब
शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल ने शहर के मुख्य बाजारों की सड़कें बुधवार रात तक दुरुस्त नहीं होने पर बृहस्पतिवार को प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। इस दौरान जल निगम के कार्यालय में अधिकारियों का घेराव किया जाएगा। इस संबंध में महानगर कार्यालय पर हुई बैठक में निर्णय लिया गया।
महानगर अध्यक्ष सचिन बाथम ने कहा कि सदर बाजार, गोविंदगंज के साथ महानगर के बाजारों में पिछले दिनों सीवर लाइन डलवाने का कार्य जल निगम ने करवाया था। इस दौरान सड़कों को खोदकर छोड़ दिया गया। अब बाजार में धूल और ऊबड़-खाबड़ मार्ग के कारण ग्राहकों को काफी परेशानी हो रही है। त्योहारी सीजन में उनकी ग्राहकी भी प्रभावित है।
जिला महामंत्री सुरेंद्र सिंह सेठ ने कहा कि डेढ़ माह पहले सदर बाजार थाने में हुई बैठक में जल निगम के अधिकारियों और ठेकेदारों ने तीन दिन में सड़कों की मरम्मत कराने का आश्वासन दिया था लेकिन अब तक हालात नहीं सुधरे।
इस दौरान शशांक कौशिक, पंकज टंडन, विनीत सर्राफ, शिवकुमार गुप्ता, सतनाम चावला, विनीत अवस्थी, अमित शर्मा, मोहम्मद सलाउद्दीन, मधुरेश गुप्ता, हनी सिंह, महेंद्र दुबे, अशोक गुप्ता, फुरकान अली, रविंद्र सिंह, वीरपाल सिंह, रेहान खान, लक्ष्मीकांत मिश्रा, बृजमोहन कालरा, जुबेर खान आदि व्यापारी मौजूद रहे।