Shahjahanpur News: निगोही में उपभोक्ताओं ने विद्युत उपकेंद्र घेरा, एसडीओ को धूप में बैठाया
निगोही। ओवरलोडिंग के कारण बिजली गुल होने से नाराज जिंदपुरा फीडर के उपभोक्ताओं ने बुधवार को निगोही उपकेंद्र पर पहुंचकर धरना-प्रदर्शन करते हुए हंगामा किया। इस बीच एसडीओ को तेज धूप में बैठा लिया। इससे उनकी तबीयत बिगड़ गई।
निगोही के जिंदपुरा फीडर पर संडा, बनासदेवी, जठियुरा, लोहरगवां, तालगांव, जिंदपुरा, ढुल्लिया समेत 50 गांवों को सप्लाई दी जाती है। लाइन लंबी होने के साथ ही लोड भी अधिक रहता है। ऐसे में तार टूटने व जंपर जलने की दिक्कत आती है। गांवों को आपूर्ति देने व फाल्ट से बचाने के लिए बिजलीकर्मी आधे-आधे गांवों को टुकड़ों में सप्लाई देते हैं। इसके चलते उपभोक्ताओं को भरपूर सप्लाई नहीं मिल पाती है।
भीषण गर्मी में बिजली गुल होने से नाराज उपभोक्ता जठियुरा गांव के प्रधान सुधीर कुमार के नेतृत्व में सुबह दस बजे उपकेंद्र पर पहुंच गए। दोपहर करीब दो बजे प्रदर्शन करने वालों को समझाने पहुंचे एसडीओ सत्यपाल को देखकर ग्रामीण भड़क गए। उन्होंने अपने साथ उन्हें भी धूप में बैठा लिया। काफी देर तक एसडीओ के धूप में बैठने पर उनकी तबीयत बिगड़ गई।
इस बीच इंस्पेक्टर धनंजय सिंह पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को शांत कराया और एसडीओ को ले गए। शाम को एक्सईएन ग्रामीण रंजीत कुमार से वार्ता की। एक्सईएन के अनुसार, ग्रामीण जो मांग कर रहे हैं, वह पूर्ण करना संभव नहीं है। उनके स्तर पर समस्या का समाधान नहीं होने पर ग्रामीणों ने डीएम से मिलने का निर्णय लेते हुए धरना खत्म कर दिया। प्रदर्शन करने वालों में सुरजीत सिंह, अवनीश सिंह, सोनी सिंह, प्रदीप वाजपेयी, गोविंद, मोहित सिंह, अर्जुन सिंह, नितेश मिश्रा, दिलबाग सिंह, संतोष सिंह, सुधांशु सिंह आदि मौजूद रहे।
शहर में ट्रांसफार्मर फुंका, इंसुलेटर जलने से बत्ती गुल
-बुधवार शाम को गोविंदगंज उपकेंद्र की हाईटेंशन लाइन के दो इंसुलेटर फटने से बिजली की सप्लाई बाधित हो गई। इसके चलते कई मोहल्लों की बिजली आपूर्ति बाधित रही। उपभोक्ताओं को भीषण गर्मी में लोग बेहाल रहे। पेट्रोलिंग कराने के बाद इंसुलेटर सही कराया गया। इसके चलते आवास विकास तेल टंकी रोड के करीब दो हजार उपभोक्ता परेशान रहे। वहीं दूसरी ओर मंगलवार की शाम को बहादुरगंज विद्युत उपकेंद्र का 400 केवी का ट्रांसफार्मर जलने से लोग परेशान रहे। कर्मचारियों ने ट्रांसफार्मर को बदल दिया है।