Shahjahanpur News: अधूरे इंतजाम, आज से शुरू होगा कार्तिक मेला

कार्तिक मेला ढाईघाट में बन रही आफिसर्स कालोनी। स्रोत जागरुक पाठक
मिर्जापुर। अधूरे इंतजाम के बीच बृहस्पतिवार से गंगा तट ढाईघाट पर कार्तिक मेले की शुरुआत हो जाएगी। मेले में अब तक न तो सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण पूरा हो सका है और न ही बिजली की लाइन पड़ी है। पेयजल के लिए हैंडपंप सिर्फ सदर बाजार में लगाए गए हैं।
23 से 30 नवंबर तक चलने वाले कार्तिक मेले का मुख्य पर्व कार्तिक पूर्णिमा 27 नवंबर को है। मुख्य पर्व पर जिले के अलावा आसपास लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, हरदोई, बदायूं, बरेली, फर्रुखाबाद, एटा, इटावा, मैनपुरी आदि जगह से लाखों श्रद्धालु विभिन्न वाहनों से आते हैं। इस बार कोलाघाट में श्रद्धालुओं के वाहनों के आने-जाने के लिए दो अलग-अलग पैंटून पुल बनाए गए हैं। इससे श्रद्धालुओं को जाम से राहत मिलेगी। मेले में एक सप्ताह से व्यवस्थाएं की जा रहीं हैं। जिले के प्रशासनिक अफसर लगातार मेलास्थल पर सुविधाओं का जायजा लेने आ रहे हैं। बावजूद बुधवार शाम तक तैयारियां पूरी नहीं हो सकीं। मेले में गंगा घाटों से लेकर मेला परिसर तक चारों तरफ गंदगी के अंबार लगे हैं। मेला परिसर की अस्थायी सड़कों पर पानी का छिड़काव हो रहा है। फिर भी मेले की सड़कों पर वाहन फंस रहे हैं।
पहली बार तहबाजारी का दिया ठेका
मेले में व्यवस्थाएं देख रहे जिला पंचायत के सहायक राजस्व निरीक्षक शंकर शरण गुप्ता ने बताया कि मेले में पहली बार तहबाजारी का ठेका दिया गया है। ठेकेदार जिला पंचायत की निर्धारित दरों पर तहबाजारी वसूल करेंगे। मेले में सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए पंचायती राज विभाग के 30 सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। ये बृहस्पतिवार से मेला परिसर में सफाई करने की जिम्मेदारी निभाएंगे। सबसे पहले जिला पंचायत कैंप कार्यालय और मेला कोतवाली का निर्माण पूरा हो चुका है। ऑफिसर्स काॅलोनी का निर्माण चल रहा है।
-दूरदराज के व्यापारी भी पहुंचे
मेले में दूरदराज से व्यापारी भी आने लगे हैं। ये अपनी दुकानों के लिए स्थान आवंटित करवाने के लिए जिला पंचायत के चक्कर लगा रहे हैं। मेला इंचार्ज अनिल कुमार द्विवेदी ने बताया कि जो कमियां रह गईं हैं, उन्हें पूरा प्रयास करने का प्रयास किया जा रहा है।
इस बार यह रहेगी व्यवस्था
सुरक्षित गंगास्नान के लिए गंगा घाटों पर मजबूत बैरिकेडिंग के साथ गोताखोर तैनात किए जाने के निर्देश अधिकारियों ने दिए हैं। इस बार मेले में सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएंगे। सुरक्षा की दृष्टि से गंगा घाटों पर चार मोटर बोट, 25 गोताखोर, पीएसी की फ्लड यूनिट के साथ ही अग्नि से सुरक्षा के लिए फायर ब्रिगेड तैनात रहेगी। इसके अलावा करीब दो सौ शौचालय बनाए जाएंगे। मेले की सुरक्षा के लिए बाहरी जिलों के पुलिसकर्मी नहीं पहुंचे है। फिलहाल, अभी मेले की सुरक्षा की जिम्मेदारी मिर्जापुर पुलिस पर है।