Shahjahanpur News: खुटार बंडा मार्ग पर हुए हादसे में घायल युवक की मौत

गांव पमार नगला के रजनीश का फाइल फोटो
खुटार। बंडा के गांव पमार नगला निवासी रजनीश कुमार की उपचार के दौरान मौत हो गई। नौ अगस्त की रात किसी वाहन की टक्कर बाइक में लग जाने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
गांव के जसवंत वर्मा ने बताया कि नौ अगस्त को उनका 28 वर्षीय पुत्र रजनीश कुमार वर्मा खुटार के गांव चमराबोझी में अपनी ससुराल गया था। शाम को वह बाइक से घर लौट रहा था। खुटार बंडा मार्ग पर गांव पिपरिया भागवंत मोड़ के पास किसी वाहन की टक्कर बाइक में लगने से रजनीश गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनको खुटार सीएचसी पर भर्ती कराया गया था। जानकारी पाकर परिजन भी सीएचसी पहुंचे थे। बाद में डाॅक्टर ने रजनीश को जिला अस्पताल रेफर कर दिया था। जिला अस्पताल में इलाज के बाद भी हालत में सुधार न होने पर रजनीश को बरेली रेफर किया गया था। बरेली में बृहस्पतिवार रात रजनीश ने दम तोड़ दिया।
सूचना घर पहुंची तो परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। शुक्रवार को परिजन शव लेकर खुटार पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जसवंत वर्मा की ओर से अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। रजनीश की मौत से पत्नी सोमवती, पुत्री काजल उर्फ मानसी, धनरेसी, पिता जसवंत वर्मा, मां सीता देवी का रो रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।