Shahjahanpur News: रुपये के लालच में बरेली से स्मैक ले आया इंटर का छात्र
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Wed, 25 Oct 2023 12:47 AM IST
तिलहर। इंटर के एक छात्र को पुलिस ने मंगलवार को 10 ग्राम स्मैक के साथ पुलिस ने पकड़ा है। फरीदपुर निवासी छात्र ने पूछताछ में बताया कि पांच हजार रुपये के लालच में वह पैकेट यहां लेकर आया था। उसके अभिभावकों को भी थाने में बुलाया गया है। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि आरोपी नाबालिग है या बालिग।
मंगलवार को सरऊ हाईवे तिराहे पर एसआई प्रमोद कुमार वाहन चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान पुलिस से बचकर एक छात्र तेज कदमों से चलने लगा। शक होने पर पुलिस ने उसे पकड़ा। तलाशी में उसके पास से 10 ग्राम स्मैक बरामद की।
पुलिस के मुताबिक आरोपी बरेली के फरीदपुर थाना क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला है। वह क्रिकेटर बनने के लिए तैयारी कर रहा है। मंगलवार को उसे एक अंजान व्यक्ति बरेली जंक्शन पर मिला। उसने एक पैकेट देकर तिलहर ले जाने के लिए कहा था। इसके बदले में उसे तिलहर में ही पांच हजार रुपये मिलने थे। आरोपी के अनुसार उसे नहीं पता था कि पैकेट में क्या था। वह केवल रुपये के लालच में आ गया था।

