Shahjahanpur News: गिरफ्तारी से बचने के लिए स्टे लेने की जुगत में लगा जगवीर
शाहजहांपुर। जैतीपुर में सड़क उखाड़ने के चर्चित मामले के मुख्य आरोपी को राजनेताओं का संरक्षण होने के कारण पुलिस ढील दिए हुए हैं। इसी के चलते जगवीर गिरफ्तारी से बचने के लिए कोर्ट से स्टे लेने की जुगत में लगा है। अधिकारियों का दावा है कि एसओजी समेत तीन टीमें आरोपी को तलाश कर रहीं हैं। इसके बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं।
दो अक्तूबर की रात जैतीपुर-दातागंज बदायूं मार्ग पर निर्माण कार्य के दौरान जेसीबी मशीन से सड़क उखाड़ने के मामले में फर्म के मालिक रमेश सिंह ने आरोपी जगवीर सिंह समेत 15-20 लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया था। पांच प्रतिशत कमीशन के लिए सड़क उखाड़ने का मामला सीएम तक पहुंचा तो शासन ने संज्ञान लिया।
पुलिस ने अपनी कार्रवाई को तेज किया। पुलिस ने पांच आरोपियाें को पकड़कर शुक्रवार को जेल भेज दिया, लेकिन मुख्य आरोपी जगवीर को पुलिस अब तक गिरफ्तार नहीं कर पाई है। एसओजी समेत तीन टीमें जगवीर के पास तक पहुंचने में नाकाम हैं। बताया जा रहा है कि पुलिस के सुस्त रवैये के चलते मुख्य आरोपी गिरफ्तारी के लिए कोर्ट में स्टे लेने के लिए पहुंच गया है।
सात नए नाम प्रकाश में आए
जैतीपुर में सड़क को उखाड़ने के मामले में पुलिस की विवेचना के दौरान सात नए नाम सामने आए हैं। पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी है। दावा है कि जल्द ही शेष आरोपियों पर कार्रवाई कर जेल भेजा जाएगा। सभी जगवीर के करीबी बताए जा रहे हैं।
दबंग है जगवीर, दर्ज हैं चार मुकदमे
कांड के मास्टरमाइंड जगवीर का आपराधिक रिकार्ड पुलिस ने खंगाल लिया है। उस पर चार मुकदमे गढि़या रंगीन थाने में दर्ज हैं। इनमें तीन मारपीट व एक एससीएसटी एक्ट का है।
पुलिस जगवीर की तलाश कर रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस की टीमें लगातार उसे दबोचने के लिए प्रयास कर रही हैं।
– संजीव कुमार वाजपेयी, एसपी देहात

