Shahjahanpur News: रावण का वध, लगे जयश्री राम के जयकारे

खिरनी बाग रामलीला मैदान में रावण के पुतले के सामने हांथ जोड़ कर खड़े छोटे बच्चे। संवाद
शाहजहांपुर। खिरनीबाग रामलीला में मंगलवार को रावण वध का मंचन किया गया। इसके बाद देर रात रावण और मेघनाद के पुतले को जलाया गया। रावण वध के मंचन को देखने को भारी भीड़ उमड़ी। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल तैनात रहा।
शाम को खिरनीबाग रामलीला में मंचन में रावण के पुत्र अहिरावण व नारंतक के वध की लीला का मंचन हुआ। अंत में रावण खुद युद्ध करने के लिए आया। विभीषण के कहने पर श्रीराम ने रावण की नाभि में तीर मारा, जिसके बाद उसकी नाभि का अमृत सूख गया और उसकी मृत्यु हो गई। प्राण त्यागने से पहले रावण द्वारा लक्ष्मण जी को शिक्षा देने का मंचन भी किया गया। देर रात में मेघनाद और फिर रावण के पुतले में आग लगाई गई। दोनों ही पुतले धूं-धूकर जल उठे। इस बीच जयश्रीराम के जयकारे लगाए गए। आतिशबाजी का प्रदर्शन भी किया गया। वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने मंच पर आकर लोगों को दशहरे की बधाई दी। मंचन में श्रीराम-सचिन, हनुमान-अनिल, लक्ष्मण- अर्चित, रावण-रामसिंह, अहिरावण-ऋषभ, मंदोदरी-दीपक का किरदार मंच पर निभाया। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव, कमलेश खन्ना, अजय यादव, राजाराम वर्मा, श्रीदत्त शुक्ला आदि मौजूद रहे। बुधवार की शाम को राजगद्दी शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो विभिन्न मार्गों से होकर चौक में पहुंचेगी, जहां बृहस्पतिवार को भरत मिलाप होगा।

