Shahjahanpur News: जल निगम ने और मुसीबत बढ़ाई…सड़क के साथ गलियों की खोदाई
शाहजहांपुर। शहर में सीवर लाइन के लिए जल निगम की बेतरतीब खोदाई ने मंगलवार को शहरवासियों की मुसीबत और बढ़ा दी। मुख्य सड़क पर पहले से चल रहा काम अभी पूरा नहीं हो पाया था। दूसरी तरफ बिजलीपुरा और गौहरपुरा में सीवर लाइन डालने के लिए गलियों को भी खोदना शुरू कर दिया गया। ऐसे में मुख्य सड़क के साथ गलियों में भी जाम लगने लगा। अधिकारियों का कहना है कि समय से काम पूरा करने के लिए ऐसा किया गया। जबकि, राहगीर जाम के कारण काफी परेशान हैं।
सीवरेज योजना के तहत जल निगम ने अंटा चौराहे से खिरनीबाग चौराहा के बीच डॉ. गेरा के अस्पताल से फायर स्टेशन तक सीवर लाइन बिछाने के लिए सड़क की खोदाई का काम शुरू करवाया था। इस कार्य को शुरू हुए एक सप्ताह होने जा रहा है। अभी आधी सड़क पर भी काम पूरा नहीं हो पाया। मंगलवार को डॉ. वाईके सिंह अस्पताल के सामने और चमकनी करबला के मोड़ पर खोदाई का काम शुरू कर दिया गया जहां पर जेसीबी से सड़क को खोदा गया। इसकी मिट्टी को निकालकर सड़क पर ही डाला जा रहा था, जिसके बाद लोगों के निकलने के लिए बहुत कम जगह बची है। वहीं डॉ. वाईके सिंह अस्पताल के सामने खोदाई होने के चलते मरीजों और तीमारदारों को दिक्कत हो रही है।
मुख्य सड़क तक आने के लिए पैदल आए
मंगलवार को बिजलीपुरा में पुराना पोस्टमार्टम हाउस वाली तथा गौहरपुरा में कब्रिस्तान के पीछे स्थित गली में सीवर लाइन डालने के लिए खोदाई की गई। बिजलीपुरा में गली चौड़ी है। इस कारण जेसीबी से यहां खोदाई चल रही है तो गौहरपुरा में पतली गली होने से मजदूर खोदाई में जुटे थे। इस कारण लोग अपने घर से वाहन नहीं निकाल सके। उन्हें पैदल ही मुख्य सड़क तक आना पड़ा। सवारी वाहनों से दफ्तर या बाजार गए। बच्चों को भी स्कूल छोड़ने के लिए भी अभिभावक पैदल ही गए।
सीवर लाइन बिछाने का काम जल्द समाप्त हो सके, इसलिए मुख्य सड़क के साथ ही गलियों में भी काम शुरू करवाया गया है। फरवरी तक पूरा काम खत्म करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि उसके बाद लोगों को दिक्कत न हो।
– सुनील कुमार यादव, एक्सईएन, जल निगम