Shahjahanpur News: झोंपड़ियों पर चली जेसीबी, महिला ने की खुद को आग लगाने की कोशिश
शाहजहांपुर। कैंट क्षेत्र में चौकी के सामने सेना की जमीन पर पड़ी झोंपड़ियां शुक्रवार को जेसीबी से हटवा दी गईं। इस दौरान काफी हंगामा हुआ। झोंपड़ी में रहने वाली एक महिला ने खुद को आग लगाने का भी प्रयास किया। पुलिस फोर्स ने उसे किसी तरह रोक लिया।
शुक्रवार की दोपहर करीब एक बजे नायब तहसीलदार अनुराग यादव, सदर बाजार थाने और महिला थाने की पुलिस, कैंट क्षेत्र के अधिकारी व सेना के जवानों ने अतिक्रमण हटाने की शुरुआत की। अवैध रूप से काबिज 15-20 झोंपड़ियों में रह रहे परिवारों को जगह खाली करने के लिए कहा गया। पहले कोई भी बाहर नहीं निकला, जिस पर पुलिस ने उन्हें जबरदस्ती बाहर निकाला। इसके बाद जेसीबी से झोंपड़ियों को हटा दिया गया।
महिलाओं का आरोप था कि महिला पुलिसकर्मियों ने घर में घुसकर परिजन से मारपीट की। सख्ती के साथ कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने खुद ही कब्जा हटा लिया। तीन-चार घंटे चली कार्रवाई के बाद सेना ने जमीन अपने कब्जे में ले ली।
अपनी झोंपड़ी गिरते देख बेहोश हो गई महिला
जेसीबी चलने के दौरान एक महिला अपनी झोंपड़ी गिरते देखकर बेहोश हो गई। उसको कुछ लोगों ने बमुश्किल संभाला। इस बीच रानी नाम की महिला कहीं से केरोसिन लेकर आ गई और खुद पर डालने के बाद आग लगाने का प्रयास किया। महिला पुलिसकर्मियों ने उसे बचाया। वहीं सीमा का कहना था कि उसको और परिजनों को पुलिसकर्मियों ने पीटा। इससे उसे काफी चोट आई है।
कैंट क्षेत्र में चौकी के सामने स्थित जमीन सेना की है। केवल उसे ही कब्जा मुक्त करवाया गया है। कार्रवाई के दौरान बरेली से सेना के अधिकारी भी आए थे। कैंट बोर्ड से फोर्स मांगा गया था, वह उपलब्ध करवा दिया गया था। – जिज्ञासा राज, सीईओ, कैंट बोर्ड शाहजहांपुर