Pilibhit News: डेंगू के लगातार बढ़ रहे मरीज फिर भी सफाई नहीं करा रही पालिका
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Updated Sat, 30 Sep 2023 12:12 AM IST

एसडीएम को ज्ञापन देते विश्व हिंदू महासंघ के कार्यकर्ता । स्रोत – हिंदू महासंघ
पीलीभीत। शहर में जगह-जगह फैली गंदगी को लेकर विश्व हिंदू महासंघ के कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। कहा, डेंगू का प्रकोप बढ़ने से लोगों में खलबली है। डेंगू कई लोगों की जान ले चुका है, लेकिन नगर पालिका प्रशासन शहर की सफाई के प्रति गंभीर नहीं है।
शुक्रवार को विश्व हिंदू महासंघ के कार्यकर्ताओं ने एसडीएम देवेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि क्षेत्र में डेंगू फैल रहा है। अस्पतालों में मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ती जा रही है, लेकिन नगर पालिका प्रशासन कोई ध्यान नहीं दे रहा है। शहर के सभी वार्डों में नालियां कीचड़ से अटी हैं। जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। पालिका प्रशासन दवा का छिड़काव भी नहीं करा रहा है। इससे मच्छरों की भरमार है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष नितिन राठौर, महामंत्री धर्मेंद्र गुर्जर, जिला प्रभारी गौरव राना,जिलाउपाध्यक्ष विनोद कुमार, नगराध्यक्ष संजय सिंह आदि मौजूद रहे।