Shahjahanpur News: ककरा-अब्दुल्लागंज की खत्म होगी ओवरलोडिंग की समस्या
– नगर निगम के विस्तार को देखते हुए मघईटोला में 12 करोड़ से उपकेंद्र बनाने का रखा गया प्रस्ताव
– बिजली निगम के अधिकारियों ने जमीन का निरीक्षण किया, फाइनल मुहर लगना शेष
– विद्युत उपकेंद्र बनने से उपभोक्ताओं को मिलेगी राहत, आए दिन होने वाले फॉल्ट घटेंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। नगर निगम क्षेत्र का विस्तार होने के बाद बिजली नेटवर्क को मजबूत करने के लिए खाका तैयार किया गया है। अब तक ओवरलोडिंग से जूझने वाले ककरा और अब्दुल्लागंज विद्युत उपकेंद्र को राहत देने के लिए मघईटोला मोहल्ले में 12 करोड़ रुपये की लागत से नया उपकेंद्र बनाया जाएगा। पावर कॉरपोरेशन के अधिकारियों ने जमीन का निरीक्षण भी कर लिया है।
शहरी क्षेत्र में नौ विद्युत उपकेंद्रों से बिजली सप्लाई दी जाती है। नगर निगम बनने के बाद दायरा बढ़ने के साथ नगर निगम विस्तारीकरण योजना के तहत एक नया विद्युत उपकेंद्र बनना प्रस्तावित था। इसलिए मघईटोला मोहल्ला में उपकेंद्र बनाने की कवायद शुरू की गई। अधिकारियों के अनुसार, अब्दुल्लागंज व ककरा उपकेंद्र में अधिक कनेक्शन होने के चलते फाल्ट की भरमार रहती है। मघईटोला में विद्युत उपकेंद्र बनाकर दोनों उपकेंद्रों से ओवरलोड को कम किया जाएगा। अधिकारियों ने मघईटोला में जमीन का निरीक्षण भी कर लिया। उपकेंद्र के लिए जमीन उपयुक्त पाई गई। हालांकि, नगर निकाय चुनाव के कारण फाइनल रिपोर्ट नहीं लग पाई है।
जलालाबाद ट्रांसमिशन से जोड़ी जाएगी 33 केवी की लाइन
शहर के अधिकतर उपकेंद्रों को पुवायां रोड स्थित 220 केवी पैना ट्रांसमिशन से सप्लाई दी जाती है, लेकिन नए उपकेंद्र के लिए जलालाबाद ट्रांसमिशन से जोड़ने की तैयारी है। इसके लिए अलग से लाइन डाली जाएगी। पुवायां रोड ट्रांसमिशन की लाइन अधिक लंबी होने के कारण फाल्ट आने पर सारे उपकेंद्र बंद हो जाते हैं। इसलिए इसे अलग ट्रांसमिशन से जोड़ा जाएगा।
नगर के विस्तारीकरण योजना में मघईटोला में विद्युत उपकेंद्र बनना प्रस्तावित है। आचार संहिता खत्म होने के बाद जमीन फाइनल होने के बाद कार्य को तेजी से कराए जाने की तैयारी है।
– अरविंद कुमार, एक्सईएन नगर