Shahjahanpur News: कार्तिक पूर्णिमा आज, ढाई घाट पर व्यवस्था चुस्त
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Mon, 27 Nov 2023 12:33 AM IST
मिर्जापुर। कार्तिक पूर्णिमा से पूर्व रविवार को ढाईघाट पर श्रद्धालुओं की संख्या में खासा इजाफा हुआ। कोलाघाट पैंटून पुल पर ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुल के दोनों तरफ पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। यहां वन-वे ट्रैफिक चलाया जाएगा। मेले की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों के साथ ही चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात की गई है।
वाहनों की पार्किंग व्यवस्था के लिए जिला पंचायत के मेलाबाबू अनिल कुमार द्विवेदी और थाना प्रभारी विनोद कुमार तोमर रविवार को पूरे दिन लगे रहे। मेले के प्रवेश द्वार के समीप के खेतों के स्वामियों को उनके खेतों में वाहन खड़े करवाने के लिए राजी किया। मेले में इस बार फर्रुखाबाद जिले की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या अधिक है। जबकि कोलाघाट पुल पर जाम में फंसने की आशंका से लखीमपुर-खीरी, पीलीभीत से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या कम है। हालांकि गैर जिलों से रात में श्रद्धालुओं के आने का क्रम जारी रहता है। जिला पंचायत प्रशासन के अधिकारी मेले में भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। अधिकारी व्यवस्था में कमी मिलते ही तत्काल इसे दुरुस्त करवा रहे हैं। गंगाघाटों पर महिलाओं को कपड़े बदलने के लिए स्नानागार बनवाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। जिला पंचायत के श्रंगी ऋषि घाटों पर पांच स्नानागार जिला पंचायत की ओर से बनवा दिए गए हैं। अन्य घाटों पर स्नानागार बनवाने की जिम्मेदारी पंडों को दी गई है। जिला पंचायत के कैंप कार्यालय में बनाए गए खोया-पाया शिविर को ध्वनि विस्तारक यंत्र से लैस कर दिया गया है। खोये बुजुर्गों और बच्चों को उनके परिजनों से मिलवाने के लिए पुलिसकर्मियों की तैनात की गई है। सोमवार को मुख्य पर्व कार्तिक पूर्णिमा पर्व पर गंगाघाटों पर सुरक्षित गंगा स्नान के लिए मजबूत बैरिकेडिंग के साथ ही गोताखोरों और पीएसी फ्लड यूनिट के जवानों को तैनात किया गया। चार मोटर बोट भी तैयार की गई हैं।
जाम से निपटना बड़ी समस्या
ढाईघाट मेले के मुख्य पर्व की पूर्व संध्या पर कोलाघाट पैंटून पुल पर पुलिस ने वन-वे ट्रैफिक की व्यवस्था करके फिलहाल श्रद्धालुओं को जाम से मुक्ति दिलवा दी। ढाईगांव के संकरे पुल पर भी पुलिस ने फिलहाल दिन में जाम नहीं लगने दिया। शाम छह बजे के बाद ढाईगांव के संकरे पुल पर जाम लग गया। पुलिस जाम खुलवाने में लगी रही। श्रद्धालुओं का कहना है कि मुख्य पर्व पर भी पुलिस इसी तरह सक्रिय रहे तो कोलाघाट पैंटून पुल और ढाईगांव के संकरे पुल पर श्रद्धालुओं को जाम से मुक्ति मिल सकती है।