Shahjahanpur News: कोलाघाट पुल का होगा चौड़ीकरण

जलालाबाद में कोलाघाट पर बना पुल। संवाद
लखनऊ/शाहजहांपुर। हालांकि जलालाबाद में रामगंगा और बहगुल नदी पर बना कोलाघाट पुल अभी आवाजाही के लायक नहीं है लेकिन सरकार इसका चौड़ीकरण करने जा रही है। इस पर फोरलेन सड़क बनाने की योजना है। पीडब्ल्यूडी मंत्री जितिन प्रसाद ने सोमवार को विभागीय बैठक में वर्तमान पुल की भार वहन क्षमता की जांच शीघ्र कराए जाने के निर्देश दिए हैं।
मालूम रहे कि 29 नवंबर 2021 को इस 18 सौ मीटर लंबे पुल का एक पिलर धंस गया था। केंद्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान की रिपोर्ट में पुल के कई खंभे कमजोर बताए गए थे। यही वजह है कि अब तक पुल से चार पहिया वाहनों के आवागमन की अनुमति नहीं दी गई है। माना जा रहा है कि पुल से हल्के वाहनों का निकलना भी खतरनाक हो सकता है। ऐसे में फोरलेन करने के लिए पुल नया बनाया जाएगा या पुराने पुल की मरम्मत की जाएगी, अभी यह स्पष्ट नहीं है।
पीडब्ल्यूडी मंत्री जितिन प्रसाद ने सोमवार को विभागीय कामकाज की समीक्षा के दौरान कहा कि उन्होंने कहा कि कोलाघाट पर सेतु राज्यमार्ग पर स्थित है, इसलिए इसका फोरलेन में चौड़ीकरण कराया जाना जरूरी होगा। इसके अलावा सौ करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली दीर्घ सेतु परियोजनाओं का तकनीकी दृष्टि से परीक्षण कराया जाए। बैठक में प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग अजय चौहान, विशेष सचिव आशुतोष द्विवेदी, प्रभुनाथ व केपी सिंह, पीडब्ल्यूडी विभागाध्यक्ष अरविंद कुमार जैन, मुख्य अभियंता सेतु अशोक अग्रवाल और राज्य सेतु निगम के एमडी राकेश सिंह मौजूद रहे।