Rampur News: मदारपुर-जयतोली पुल का निर्माण हुआ शुरू, खुशी से झूमे ग्रामीण
शाहबाद। मदारपुर-जयतोली पुल बनने का सपना ग्रामीणों का साकार हो गया। पूजन के बाद पुल के पिलर के लिए काम शुरू किया गया। ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर खुशी जताई। इस पुल के बनने से सैकड़ो गांव के ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा। शाहबाद क्षेत्र के सैकड़ों गांवों की दूरी जिला मुख्यालय से कम होगी। यह पुल सरकार की एक परियोजना का बड़ा हिस्सा है।
शाहबाद तहसील क्षेत्र के मदारपुर-जयतोली पुल के निर्माण को लेकर मदारपुर गांव निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक धर्मपाल सिंह समेत कई ग्रामीणों ने रामगंगा और कोसी नदी पर पुल के निर्माण कराने की मांग उठाई थी। सोमवार को नदी पर बनने वाले पुल के पिलर निर्माण से पूर्व ग्रामीणों और सेतु निगम के अधिकारियों ने विधि विधान से पूजन किया। उसके बाद पुल के लिए पिलर का रिंग बनाया गया। सहायक अधिशासी अभियंता टीपी गुप्ता ने बताया कि नदी के किनारे पुल रोकने के लिए पिलर खड़ा किया जाएगा। पिलर के लिए 33 मीटर गहरा कुआं खोदने की तैयारी शुरू कर दी गई है। पिलर के लिए कुंआ बनाने से पहले वाटर लेवल चेक किया गया था। बताया गया कि इस पुल को रोकने के लिए 22 पिलर बनाए जाएंगे। सभी पिलर बनाने से पूर्व वाटर लेवल चेक किया जाएगा। इस पुल की लंबाई 638 मीटर की होगी। 638 मीटर लंबे पुल को रोकने के लिए उसके नीचे 22 पिलर होंगे। पुल के निर्माण के लिए फिलहाल में पंद्रह मजदूर और जेई की तैनाती की गई है। सेतु निगम ने विद्युत आपूर्ति के लिए खुद का बड़े पावर का जेनरेटर लगा लिया है। पुल निर्माण के लिए रेत, बजरी, सीमेंट, सरिया समेत सभी उपकरण आ चुके हैं। इस दौरान ग्रामीणों में ग्राम प्रधान पूरन सिंह, धर्मपाल सिंह, पप्पू, ओम सिंह, लाखन, पोथीराम, दर्शन सिंह, खेमपाल ने मिठाई बांटी।

