Budaun News: सड़क हादसे में मजदूर की मौत, गोद से छिटक कर झाड़ियों में गिरा नाती

कछला में रामप्रकाश की मौत के बाद घर पर जुटे लोग। संवाद
उझानी/कछला (बदायूं)। कछला कस्बे में ढाई साल के नाती सोनू को पेशाब कराने के लिए सड़क पार कर रहे 55 वर्षीय रामप्रकाश कश्यप को किसी वाहन ने रौंद दिया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सोनू गोद से छिटक कर झाड़ियों में जा गिरा। उसे खरोंच तक नहीं आई।
हादसा रात रविवार रात करीब 11 बजे बरेली-मथुरा हाईवे पर नदिया पुलिया के पास हुआ। रामप्रकाश मेहनत-मजदूरी करते थे। रविवार रात उनका ढाई साल का नाती सोनू उनके पास ही सो रहा था। सोनू को पेशाब लगने पर रामप्रकाश उसे गोद में उठाकर सड़क पार करने के लिए आगे बढ़े, तभी किसी वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। अजीत ने बताया कि पिता रामप्रकाश की चीख सुनकर उनकी आंख खुल गई। वह मौके पर पहुंचे तो रामप्रकाश लहूलुहान हालत में सड़क पर पड़े थे, जबकि सोनू झाड़ियों में पड़ा था। उसे खरोंच तक नहीं आई थी।
परिजन एंबुलेंस से रामप्रकाश को लेकर जिला अस्पताल के लिए निकले, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। रामप्रकाश मजदूरी किया करते थे। अजीत ने बताया कि सभी परिजनों और नाते-रिश्तेदारों की सहमति पर शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया। शव का सोमवार दोपहर कछला गंगाघाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया।
उघैती की घायल छात्रा ने सातवें दिन दम तोड़ा
बदायूं-इस्लामनगर रोड पर कोतवाली क्षेत्र में गांव गुराई के पास 13 जून को मैजिक वाहन की टक्कर से घायल छात्रा ने सोमवार दोपहर दम तोड़ दिया। उघैती शर्की निवासी 17 वर्षीय छात्रा विनीता सिंह पुत्री जितेंद्र सिंह को 13 जून को स्कूटी से घर आ रही थी तभी गांव गुराई के पास मैजिक वाहन ने उसे टक्कर मार दी थी। गंभीर रूप से घायल विनीता को पहले जिला अस्पताल फिर सैफई के मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। पिता जितेंद्र ने बताया कि विनीता ने सोमवार दोपहर दो बजे अंतिम सांस ली। विनीता के शव का सैफई में ही पोस्टमार्टम कराया गया। विनीता बदायूं में आईटीआई कॉलेज की छात्रा थी।

कछला में रामप्रकाश की मौत के बाद घर पर जुटे लोग। संवाद


