Budaun News: गैरजमानती वारंट जारी होते ही भाजपा जिलामंत्री फरार
बदायूं। भाजपा जिलामंत्री प्रभाशंकर वर्मा के खिलाफ बरेली की अदालत ने गैर जमानती वारंट जारी किया है। वारंट जारी होते ही भाजपा जिलामंत्री फरार हो गया है। बरेली पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है। मगर, उसका कोई पता नहीं चल पा रहा है।
बिनावर थाना क्षेत्र के गांव नाई डुमैरा निवासी भाजपा जिलामंत्री प्रभाशंकर वर्मा के खिलाफ बरेली में ठगी, लूट, बंधक बनाकर पिटाई करने जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है। इसी मुकदमे में नारकोटिक्स इंस्पेक्टर समेत कई अन्य पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। इस मामले में बरेली की अदालत ने भाजपा जिलामंत्री के खिलाफ गैरजमानती वारंट जारी किया है। वारंट जारी होते ही बरेली पुलिस को उसकी गिरफ्तारी के लिए लगाया गया है। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने उसकी गिरफ्तारी के लिए कई जगह दबिश दीं, लेकिन वह नहीं मिला।
यह था मामला
– जिलामंत्री प्रभाशंकर वर्मा ने मुकदमे के वादी अजयपाल से ठगी की योजना बनाई थी। इस मामले में बताया गया था कि नारकोटिक्स की टीम ने उसके खिलाफ कार्रवाई की है। इसके बाद वह अजयपाल को बरेली ले गया, जहां एक कमरे में नारकोटिक्स की टीम से उसको मिलवाया। उसको जेल भेजने का भय दिखाते हुए अजय पाल की पिटाई की और उससे पांच लाख रुपये मांगे। रुपये न देने पर उसको बंधक बना लिया गया। जिलामंत्री और अजयपाल के बीच मोबाइल पर हुई बात का ऑडियो इस घटना का आधार बना। इसी के चलते जिलामंत्री पर मुकदमा दर्ज किया गया था। इस संबंध में एसएचओ बिनावर ऋषिपाल सिंह का कहना है कि बरेली पुलिस वारंट तामील कराने यहां आती है तो अपने स्तर से पुलिस का सहयोग किया जाएगा।


