शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: खत्म होगा जमीन का संकट, उद्योग लगाने के लिए जमौर में मिलेंगे प्लॉट

Connect News 24

Land crisis will end, plots will be available in Jamour to set up industry

राज्य औद्योगिक विकास निगम शाहजहांपुर।संवाद

– 78 प्लॉटों की होगी ई-नीलामी, निकाय चुनाव के बाद शुरू होगी प्रक्रिया

-नए प्रोजेक्ट के तहत उद्योग लगाने के लिए उद्यमियों को नहीं मिल पा रही जमीन

-यूपीसीडा की वेबसाइट बीते एक साल से बंद होने के कारण नहीं हो पा रहे आवेदन

-इन्वेस्टर्स समिट में छह हजार करोड़ का निवेश होने के बाद कई उद्योग लगना हैं प्रस्तावित

संवाद न्यूज एजेंसी

शाहजहांपुर। नए उद्योग लगाने के लिए जल्द ही जमीन का संकट खत्म होगा। कांट-जलालाबाद रोड पर स्थित जमौर औद्योगिक क्षेत्र में 78 प्लांटों की ई-नीलामी की प्रक्रिया निकाय चुनाव के बाद शुरू होने वाली है। उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) की वेबसाइट बीते एक साल से बंद होने की वजह से प्लांटों के लिए आवेदन नहीं हो पा रहा था। अब यह वेबसाइट खोल दी गई है। प्लॉट की बिक्री होने से उद्यमियों के लिए नई इकाइयां स्थापित करने का रास्ता खुलेगा। इससे रोजगार सृजन भी होगा।

जमौर औद्योगिक क्षेत्र में करीब 300 प्लॉट हैं। इसमें 80 औद्योगिक इकाइयां स्थापित हैं। अन्य प्लांट आवंटित तो हैं लेकिन इनमें इकाइयां स्थापित नहीं हैं। वर्तमान में 78 प्लॉट खाली हैं। एक साल से जमीन के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया बंद कर दी गई थी। उसके बाद से जमौर में इकाई स्थापित करने के लिए उद्यमियों को जमीन नहीं मिल पा रही है।

इधर, इन्वेस्टर्स समिट में जिले में 168 उद्यमियों ने छह हजार करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया है। जमीन के अभाव में औद्योगिक इकाइयां धरातल पर नहीं उतर पा रहीं हैं। इसी क्रम में आईआईए के चैप्टर चेयरमैन शुभम खन्ना ने जमौर में खाली पड़े 78 प्लॉटों की बिक्री की ई-नीलामी के प्रयास शुरू किए। उन्होंने कई बार यूपीसीडा के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर समस्या रखी। इसके बाद प्लॉटों की बिक्री का रास्ता साफ हो गया है। आईआईए के चैप्टर चेयरमैन शुभम खन्ना ने बताया कि निकाय चुनाव के बाद ई-नीलामी से प्लॉटों को बेचा जाएगा। इससे नए उद्योग लगने का रास्ता साफ हो सकेगा।

13 उद्यमियों के फंस गए थे लाखों रुपये

पिछले वर्ष जमीन खरीदने के लिए 13 उद्यमियों ने यूपीसीडा की वेबसाइट पर आवेदन किया था। इसके बाद वेबसाइट बंद होने के चलते उद्यमियों के लाखों रुपये फंस गए थे। कई बार पत्राचार करने के बाद उन्हें रुपये वापस मिल सके।

ई-नीलामी के लिए जमीन दर का खुलासा नहीं

जमौर में ई-नीलामी के जरिये जमीन की बिक्री को लेकर यूपीसीडा ने अभी रेट नहीं खोले हैं। हालांकि, पूर्व में 14 से 1700 सौ रुपये प्रति स्क्वॉयर मीटर में औद्योगिक क्षेत्र में जमीन की बिक्री की गई थी। उद्यमी इस बार रेट खुलने का इंतजार कर रहे हैं।

निकाय चुनाव के बाद शुरू होगी ई-नीलामी

वेबसाइट बंद होने के चलते उद्यमियों को प्लॉट मिलना मुश्किल हो रहे थे। यूपीसीडा के प्रमुख से कई चरणों की वार्ता के बाद ई-नीलामी की प्रक्रिया चुनाव के बाद शुरू होगी। इससे उद्योगपतियों को राहत मिलेगी। नए रोजगार भी सृजित होंगे।

– शुभम खन्ना, चैप्टर चेयरमैन, आईआईए

बेहतर सुविधाएं दी जाएं

नए प्लॉट की बिक्री करने के साथ जमौर औद्योगिक क्षेत्र में सुविधाओं को बेहतर बनाया जाए, जिससे उद्यमियों को दिक्कतों से दो-चार न होना पड़े। औद्योगिक क्षेत्रों पर प्रशासन को विशेष ध्यान देने की जरूरत है।

– रोहित गोयल, सचिव आईआईए

नगर निकाय चुनाव की आचार संहिता खत्म होने के बाद प्लॉटों की ई-नीलामी को शुरू किया जाएगा। 75 प्रतिशत प्लॉट पोर्टल के माध्यम से आवंटित होते हैं, जबकि 25 प्रतिशत प्लॉट को अपनी सुविधा के अनुसार ई-नीलामी की जाती है।

– संतोष कुमार, रीजनल मैनेजर, यूपीसीडा

राज्य औद्योगिक विकास निगम शाहजहांपुर।संवाद

राज्य औद्योगिक विकास निगम शाहजहांपुर।संवाद


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button