Shahjahanpur News: हापुड़ में लाठीचार्ज के विरोध में वकीलों ने सरकार का पुतला फूंका

कलेक्ट्रेट गेट पर प्रदेश सरकार का पुतला फूंकते अधिवक्ता। संवाद
शाहजहांपुर। हापुड़ के डीएम और एसपी के तबादले की मांग कर रहे अधिवक्ताओं ने बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट गेट पर प्रदेश सरकार का पुतला फूंका। अधिवक्ताओं ने सरकार के विरोध में जमकर नारेबाजी की।
अधिवक्ताओं ने कहा कि 29 अगस्त को जनपद हापुड़ के अधिवक्ताओं पर वहां की पुलिस और प्रशासन की ओर से लाठीचार्ज किया गया। इसके विरोध में सेंट्रल बार एसोसिएशन के अधिवक्ता हड़ताल व धरना-प्रदर्शन करते चले आ रहे हैं। अब तक शासन की ओर से दोषी पुलिस अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इससे अधिवक्ताओं में रोष है।
अधिवक्ताओं की मांग है कि हापुड़ के डीएम, एसपी और दोषी क्षेत्राधिकारी हापुड़ का अविलंब स्थानांतरण किया जाए। प्रदेशभर में अधिवक्ताओं के विरुद्ध पुलिस ने मनगढ़ंत कहानी बनाकर जो मुकदमे दर्ज किए हैं, उन्हें वापस लिया जाए। एडवोकेट्स प्रोटेक्शन एक्ट पारित कर प्रदेश में लागू किया जाए। हापुड़ के घायल अधिवक्ताओं को तुरंत मुआवजा दिया जाए। घायल अधिवक्ताओं का इलाज कराया जाए। इस दौरान अध्यक्ष ब्रजेश कुमार वैश्य, महासचिव सुधीर कुमार पांडेय, सुरजीत यादव, राजेेश अवस्थी, हरेंद्र कुमार राजवंशी, मुकेश यादव, राहुल शर्मा, सूरज प्रताप सिंह, अभिषेक मिश्रा, गजेंद्र बहादुर सिंह, मो. जुबैर खां, राकेश कुमार शुक्ला, अरविंद कुमार मिश्रा आदि मौजूद रहे।
जिले भर में वकीलों ने किए प्रदर्शन और पुतला दहन
पुवायां। बृहस्पतिवार को सिविल बार एसोसिएशन के वकील सरकार का पुतला लेकर शाहजहांपुर रोड पर पहुंचे और नारेबाजी के बीच पुतला दहन कर दिया। उधर, तहसील बार एसोसिएशन से जुड़े वकीलों ने तहसील परिसर में पुतला दहन किया।
जलालाबाद। अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में प्रदेश सरकार का पुतला फूंका। सभा में अध्यक्ष राकेश श्रीवास्तव ने डीएम व एसपी के तबादले और लाठीचार्ज करने वाले पुलिसकर्मियों की बर्खास्तगी की मांग की। इस दौरान वकीलों ने जम्मू कश्मीर में शहीद हुए सेना के जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए दो मिनट का मौन रखा।
तिलहर। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष देवेंद्र कुमार गुप्ता और महामंत्री नरेश के नेतृत्व में वकीलों ने दोपहर तहसील परिसर में नारेबाजी और प्रदर्शन करते हुए सरकार का पुतला दहन किया। इसके बाद वकील रजिस्ट्रार कार्यालय पहुंचे। यहां पर कर्मचारियों को दफ्तर से बाहर निकालकर दफ्तर का काम ठप करा दिया। अधिवक्ता वेदप्रकाश सिंह, वीर सहाय गंगवार, विनीत शर्मा, पुनीत गर्ग, पूरनलाल गंगवार, संजय शर्मा, सुशांत, अंकित, शिवपाल सिंह, जगत भान सिंह, जगदीश सिंह, राजेश्वर सिंह, उदय सिंह, अजमल खान, जुबेर खान, अफजल खान, वीरेंद्र सिंह यादव आदि शामिल रहे।
कलान। तहसील कलान में बार एसोसिएशन अध्यक्ष रामचंद्र शाक्य के नेतृत्व में सभी अधिवक्ताओं ने नारेबाजी करते हुए तहसील भवन के सामने पुतला फूंका। विवेक यादव, श्री कृष्णा यादव, ओमशरण यादव, अनिल यादव, सुधाकर यादव, विवेक यादव, विकास यादव, नरेंद्र सिंह यादव, अनूप कुमार मौर्य, उमेश भदौरिया, अनवर खान मौजूद रहे।