Shahjahanpur News: खुटार में तेंदुए ने बछड़े को मार डाला, शोर मचाने पर भागा

गांव छापाबोझी में पेड़ पर रखा बछड़े का शव। संवाद
खुटार (शाहजहांपुर)। शुक्रवार सुबह गांव छापाबोझी के पास तेंदुए ने बछड़े को मार डाला। उसे पेड़ पर खींच ले गया। लोगों के शोर मचाने पर तेंदुआ पेड़ से उतरकर गन्ने के खेत में चला गया। वन विभाग की टीम ने लोगों से सतर्क रहने के लिए कहा है।
छापाबोझी के रावेंद्र यादव शुक्रवार को बाग की रखवाली कर रहे थे। इसी बीच तेंदुआ बाग में आ गया और बछड़े पर हमला कर दिया। तेंदुआ बछड़े को गर्दन से दबोच कर कटहल के पेड़ पर चढ़ गया। कुछ ही देर में बछड़े की मौत हो गई। रावेंद्र के शोर मचाने पर गांव के तमाम लोग लाठी, डंडे लेकर शोर मचाते हुए पहुंच गए। इसके बाद तेंदुआ पेड़ से कूद कर गन्ने के खेत में चला गया।
जानकारी पाकर वन दरोगा हीरालाल के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने मौका मुआयना किया और लोगों से सतर्क रहने की अपील की। वनकर्मियों ने बताया कि बछड़े का शिकार तेंदुए ने ही किया है। तेंदुआ बछड़़े को खाने के लिए फिर से पेड़ के पास आ सकता है। इससे पूर्व गांव मोहनपुर, महुआ पिमई में घास काटने गए लोगों पर बाघ हमला कर चुका है।
रेंजर ने टीम के साथ महुआ में की कांबिंग
गांव महुआ पिमई में बाघ ने आठ जून को गन्ने के खेत में घास काटने गए किसान जितेंद्र को हमला कर घायल कर दिया था। शुक्रवार को रेंजर मनोज श्रीवास्तव ने डिप्टी रेंजर राजेंद्र सिंह दफोती, वन दरोगा कामता प्रसाद वर्मा, हीरालाल, वनरक्षक संदीप यादव आदि के साथ आसपास इलाके में कांबिंग की। रेंजर ने लोगों से खेतों समूह में जाने और लगातार आपस में बातचीत करते रहने को कहा है।