Rampur: पेड़ से झूलता मिला युवक का शव, पत्नी की हत्या का आरोप लगने के बाद से वांछित चल रहा था मृतक

मौके पर पहुंची पुलिस
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
रामपुर के मिलक क्षेत्र के ग्राम कूप में शनिवार की सुबह सड़क किनारे पेड़ से युवक का शव झूलता मिला। सूचना पर पुलिस के साथ क्षेत्र अधिकारी एवं फॉरेंसिंक टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को उतार कर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
वहीं, मृतक की पहचान सोमेंद्र 35 वर्षीय निवासी दराम नगर थाना आंवला जनपद बरेली के रूप में हुई। मृतक पिछले पांच जून से अपने ससुराल आया हुआ था। मृतक पर 29 मई को अपनी पत्नी की हत्या के आरोप में मुकदमा पंजीकृत था, जिसमें वह वांछित चल रहा था। मुकदमे के बाद मृतक अपने ससुराल वालों पर समझौते का प्रयास कर रहा था। ग्रामीणों ने बताया कि बीती पांच तारीख को नशे में धुत होकर मृतक अपने ससुराल आया और मुकदमा वापस लेने के लिए ससुराल पक्ष पर दबाव बना रहा था और जहर खाकर मरने की धमकी दे रहा था।
इस दौरान ससुराल पक्ष के लोगों ने पुलिस को सूचना दी थी कि मुकदमे का वांछित गांव आया हुआ है, परंतु पुलिस में कोई कार्यवाही नहीं की। जिसके बाद ससुराल पक्ष के लोगों ने 112 डायल कर कोतवाली भिजवा दिया था, जहां उसको पुलिस ने मेडिकल के लिए भी भेजा था। मृतक की शादी 10 वर्ष पूर्व ग्राम कूप निवासी रामकुमार की पुत्री छत्रवती से हुई थी। 14 दिन पूर्व मृतक की पत्नी की मौत हो गई थी, जिसमें मृतक के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत हुआ था और तब से लेकर मृतक फरार चल रहा था। मृतक के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। वहीं कोतवाल राजेश बैंसला ने बताया कि मृतक की पहचान सोमेंद्र निवासी ग्राम दराम नगर थाना आंवला जनपद बरेली के रूप में हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजनों के आने के बाद तहरीर के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।