Shahjahanpur News: विधायक निधि से लगी लाइट तोड़ी, एफआईआर की चेतावनी

विधायक निधि से गांव रामपुर कलां में लगी हाईमास्ट लाइट तोड़ने जाने पर नाराजगी जताते विधायक। संव
खुटार। हाईवे चौड़ीकरण के काम में लगे कर्मचारी ने जेसीबी से विधायक निधि से लगाई गई हाईमास्ट लाइट के पोल को तोड़ दिया। इससे लाइट गिर गई। जानकारी होने पर विधायक चेतराम मौके पर पहुंचे। उन्होंने कंपनी के एक अधिकारी से नाराजगी जताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराने की चेतावनी दी।
शाहजहांपुर से खुटार के बीच हाईवे का चौड़ीकरण किया जा रहा है। बुधवार को गांव रामपुरकलां में निर्माण कंपनी के जेसीबी चालक ने हाईमास्ट लाइट के पोल को तोड़ दिया। इससे लाइट गिर गई। ग्रामीणों ने लाइट को दूसरी जगह लगवाने के लिए कहा तो मौके पर मौजूद निर्माण कंपनी के अधिकारी ने कहा कि लाइट नहीं लगाई जाएगी। इसे उनकी कंपनी के स्टोर में जमा किया जाएगा।
लोगों ने लाइट विधायक निधि से लगी होने की बात कही, लेकिन अधिकारी नहीं माने। इसके बाद लोगों ने विधायक को मामले से अवगत कराया। क्षेत्र में मौजूद विधायक कुछ ही देर में मौके पर पहुंच गए और अधिकारी व कर्मचारियों से नाराजगी जताते हुए कहा कि शाम तक लाइट नहीं लगाई गई तो संबंधित पर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
विधायक ने गांव के लोगों से बात की और विभागीय अधिकारियों से कहा कि मानक के तहत ही जगह ली जाए। जनता का अनावश्यक नुकसान न किया जाए। यदि बेवजह तोड़फोड़ की सूचना मिली तो जांच कराई जाएगी।