Shahjahanpur News: शराब सेल्समैन ने खुद रची थी लूट की साजिश
शाहजहांपुर। रोजा थाना क्षेत्र के निवाजपुर में शराब सेल्समैन विशाल जायसवाल से 3.77 लाख रुपये की लूट का पुलिस ने सोमवार को खुलासा कर दिया। कर्जदारों के तकादे से तंग आकर विशाल ने ही वारदात की साजिश रची थी। बैग छीनने वाले बाइक सवार दो युवक उसी साजिश के हिस्सा थे। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया है।
निगोही के सहदेवपुर निवासी विशाल जायसवाल 24 नवंबर को कलान स्थित देसी शराब के ठेके के रुपये जमा करने रोजा के निवाजपुर में कलेक्शन सेंटर पर आया था जहां पर दो बाइक सवारों ने उनके हाथ से रुपयों से भरा बैग छीन लिया था। बैग में तीन लाख 77 हजार 330 रुपये थे। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल निकाली। जिसके बाद विशाल ही संदेह के घेरे में आ गए। कड़ी पूछताछ में उन्होंने पूरी सच्चाई बता दी। इंस्पेक्टर रोजा राजीव कुमार सिंह ने बताया कि रुपयों को देखकर विशाल के मन में लालच आ गया। उसने अपने दो दोस्तों कलान के मोहल्ला सूर्यनगर कमल गुप्ता और वजीरगंज निवासी पुरुषोत्तम के साथ लूट की योजना बनाई। रोजा पुलिस और एसओजी ने तीनों को अटसलिया के पास से गिरफ्तार कर 2,72,330 रुपये, तीन मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद कर ली।
पत्नी के इलाज के लिए लिया था कर्ज
विशाल की पत्नी ने कुछ दिन पहले ऑपरेशन से बच्चे को जन्म दिया है। इलाज में काफी खर्च आया था। उधर, भाई की पढ़ाई चल रही थी। इसलिए उसने कर्ज ले लिया था जिसे वह चुका नहीं पा रहा था। कर्जदार उसके घर आकर रोज तकादा कर रहे थे। इसलिए उसने लूट की साजिश रची थी।
कलान से विशाल के पीछे आए थे दोनों
एसपी सिटी सुधीर जायसवाल ने बताया कि विशाल रोजाना ही नकदी लेकर निवाजपुर में जमा करने आता था। घटना वाली शाम विशाल के पीछे ही कलान से पुरुषोत्तम और कमल भी साथ पहुंचे। कलेक्शन सेंटर के सामने से दोनों बैग लेकर चले गए। इसके बाद विशाल ने लूट का शोर मचा दिया।
पुरुषोत्तम ने एक लाख रुपये खाते में जमा किए
-पुरुषोत्तम और कमल ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि घटना के बाद दोनों फर्रुखाबाद के होटल में रुके। पुरुषोत्तम ने एक लाख रुपये अपने खाते में जनसेवा केंद्र के जरिये जमा करवा दिए। पुलिस ने पुरुषोत्तम के खाते को फ्रीज करा दिया है।

