Shahjahanpur News: बरेली से लापता पुवायां के व्यापारी की लोकेशन हिमाचल में मिली
पुवायां। पुवायां के मोहल्ला कसभरा मठिया निवासी व्यापारी राजीव गुप्ता बरेली से लापता हो गए थे। उनकी लोकेशन हिमाचल प्रदेश के जनपद सोलन के कस्बा बद्दी में मिली है।
राजीव गुप्ता कागज के दोने, पत्ते आदि बनाने का काम करते थे। वह तीन जुलाई की सुबह घर से व्यापार के सिलसिले में बरेली जाने की बात कहकर निकले थे। दिन में 11 बजे उन्होंने अपने भाई रितेश गुप्ता को फोन कर बरेली स्टेशन पर पहुंच जाने की सूचना दी थी। इसके बाद राजीव का मोबाइल स्विच ऑफ जाने लगा। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की थी।
एसएसआई जुगलकिशोर पाल ने बताया कि राजीव की लोकेशन बद्दी में मिली है। पुलिस के अनुसार, राजीव पहले बद्दी में काम कर चुके हैं और कुछ महीने से घर पर रह रहे थे। परिजन बद्दी जा रहे थे, लेकिन हिमाचल प्रदेश में बाढ़ के कारण पुल बह जाने से वे लौट आए हैं। राजीव का मोबाइल कुछ देर के लिए ऑन होता है और फिर स्विच ऑफ हो जाता है। हालांकि उनसे बात नहीं हो पाई है।