Shahjahanpur News: सिगरेट पीते वीडियो बनाई, फिर चोरी के लिए किया मजबूर
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Wed, 08 Nov 2023 12:31 AM IST
तिलहर। डॉक्टर की नाबालिग बेटी को जबरन सिगरेट पिलाकर वीडियो बना ली। फिर इसे वायरल करने की धमकी देकर दो युवकों ने घर से 20 हजार रुपये चोरी करने के लिए मजबूर किया।
दोबारा ऐसा करने से इन्कार करने पर युवकों ने वीडियो वायरल कर दी। इस मामले में पिता की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद समेत दो लोगों पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डॉक्टर ने बताया कि कुछ दिन पहले उनके मोहल्ले में रहने वाले यामीन खां के यहां लखीमपुर खीरी के मोहम्मदी थाना क्षेत्र के सिसोरा निवासी फैजान आया था। आरोप है कि फैजान ने उनकी बेटी को सिगरेट पिलाई और उसका वीडियो बना लिया। फैजान एवं उसके अन्य दो साथियों ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उनकी बेटी से 20 हजार रुपये घर से चोरी कर लाकर देने के लिए कहा। पहली बार में बेटी ने डरकर घर से रुपये चोरी कर उन्हें दे दिए। इसके बाद दोबारा रुपये मांगे तो बेटी ने मना कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने वीडियो वायरल कर दिया। जिसके बाद उनकी बेटी मानसिक रूप से बीमार हो गई। उसने मामले से परिजनों को अवगत कराया तब उन्होंने आरोपी के घर जाकर शिकायत की तो उसके भाइयों ने धमकाया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।