शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: रिंग रोड पर मदनापुर के व्यापारी को बाइक सवारों ने घेरकर गोली मारी

Connect News 24

Bike riders surrounded Madnapur businessman on Ring Road and shot him

राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती अरविंद।

शाहजहांपुर। मदनापुर थाना क्षेत्र के गांव बरीखास निवासी अरविंद कुमार (30) को लखनऊ-दिल्ली नेशनल हाईवे से रिंग रोड की ओर बाइक सवार चार लोगों ने घेरकर गोली मार दी। घायल के अनुसार, प्रेम-प्रसंग के चलते उसे गोली मारी गई है। पुलिस ने घायल को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है।

अरविंद कुमार की मदनापुर में बैटरी व खेतों में लगाए जाने वाले तार की दुकान है। बृहस्पतिवार को वह व्यापार के सिलसिले में पुवायां जा रहे थे। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे नेशनल हाईवे पर नगरिया मोड़ के नजदीक रिंग रोड पर बाइक सवार ने इशारे से अरविंद को रोक लिया। अरविंद के बहनोई भानु प्रताप सिंह के अनुसार, पीछे से बाइक पर आए तीन लोगों ने अरविंद की बाइक की चाबी निकाल ली। इसके बाद दो लोगों ने अलग-अलग तमंचे से फायर किया। फायर मिस होने पर अरविंद को खींचकर सड़क के नीचे ले गए। जहां तीसरे व्यक्ति ने तमंचे से गोली मारकर घायल कर दिया। गोली लगने के बाद वह किसी तरह सड़क पर आया और लोगों से मदद मांगी। लोगों ने एंबुलेंस से उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। सीओ तिलहर प्रयांक जैन व इंस्पेक्टर धनंजय कुमार ने भी घायल से पूछताछ की। अरविंद के अनुसार, प्रेम-प्रसंग के चलते लड़की पक्ष के लोगों ने उसे घायल किया है।

घटना में पुलिस को लग रहा झोल

अरविंद को गोली मारने के मामले में पुलिस को कई झोल नजर आ रहे हैं। उसकी शर्ट पर जले के निशान नहीं हैं, जबकि शर्ट फटी है। पुलिस ने पूछताछ में सामने आए नामों के आधार पर पड़ताल की है।

घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।

– संजीव वाजपेयी, एसपी देहात


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button