Shahjahanpur News: गोरखपुर मंडल में रिमॉडलिंग कार्य के चलते कई ट्रेनें निरस्त
– सत्याग्रह, बाघ, जननायक और शहीद एक्सप्रेस नहीं चलीं
-काशी विश्वनाथ ढाई घंटे, श्रमजीवी सुपर फास्ट दो घंटे देरी से आई
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। गोरखपुर मंडल में रिमॉडलिंग कार्य के चलते रविवार को सत्याग्रह एक्सप्रेस समेत चार जोड़ी ट्रेनें निरस्त रहीं। जिनकी वजह से यात्रियों को परेशान होना पड़ा। इन ट्रेनों के नियमित यात्रियों को दूसरे साधनों से सफर करना पड़ा।
गोरखपुर मंडल में निर्माण कार्य चल रहा है। जिसके चलते शाहजहांपुर में रुकने वाली गाड़ी संख्या 15273/74 सत्याग्रह एक्सप्रेस, 13019/20 बाघ एक्सप्रेस, 15211/12 जननायक एक्सप्रेस, 14673/74 शहीद एक्सप्रेस निरस्त चल रहीं हैं। जिनके निरस्त होने से उन यात्रियों को अपना टिकट कैंसिल करवाना पड़ा, जिन्होंने पहले से सीट बुक कर रखी थी।
जबकि नियमित यात्रियों को उनकी जगह दूसरी ट्रेनों या अन्य साधनों का प्रयोग करना पड़ा। जिससे वह अपने गंतव्य तक पहुंच सकें। इनके अलावा तमाम ट्रेनें अपने निर्धारित समय से नहीं चली। इनमें बरेली की ओर जाने वाली गाड़ी संख्या 13307 गंगा सतजुल एक्सप्रेस करीब आधा घंटा, 13005 हावड़ा अमृतसर मेल एक घंटा देरी से आई।
वहीं लखनऊ को जाने वाली गाड़ी संख्या 14236 वाराणसी एक्सप्रेस 45 मिनट, 15128 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस ढाई घंटे, 12932 श्रमजीवी सुपर फास्ट एक्सप्रेस दो घंटे देरी से आई। सीएमआई एसके ठाकुर ने बताया कि गोरखपुर में पुनः निर्माण कार्य के चलते ट्रेनें प्रभावित हैं।

