Shahjahanpur News: संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत
पुवायां। एक युवती की मौत हो जाने पर पिता ने संदेह जताते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना के आधार पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना मोहम्मदी के गांव रामा लखनापुर के शिवप्रकाश की पुत्री 25 वर्षीय रिया की शादी पुवायां के गांव शहवाजपुर निवासी राजीव कुमार के साथ हुई थी। पुलिस ने बताया कि राजीव ने बताया कि रिया को बुखार आ रहा था। बुधवार शाम रिया की मौत हो गई। राजीव ने रिया की मौत की सूचना ससुराल वालों को दी।
सूचना पाकर शहवाजपुर पहुंचे रिया के पिता और मायके के अन्य लोगों ने राजीव से मौत की जानकारी ली। शिवप्रकाश ने पुलिस को सूचना देकर पुत्री की बुखार से मौत पर संदेह जताया। इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार राय ने बताया कि सूचना के आधार पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर दी जाती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद