शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: छह दिन तक मेरठ और लखनऊ का सफर दुश्वार

Connect News 24

शाहजहांपुर। शहर के वासियों के लिए अगले छह दिन तक मेरठ और लखनऊ का सफर दुश्वारियों भरा होगा। इसमें सबसे ज्यादा दिक्कत मेरठ जाने वालों को होगी क्योंकि मेरठ के लिए शाहजहांपुर से कोई ट्रेन या सीधी बस सेवा नहीं मिलेगी अलबत्ता लखनऊ जाने के लिए उनके पास बस सेवा का विकल्प उपलब्ध होगा।

दरअसल, रोजा और हरदोई के दीच एगवां स्टेशन पर लूपलाइन बिछाने के लिए इस रूट पर आठ ट्रेनें निरस्त कर दी गईं हैं । इनमें मेरठ जाने वाली राज्यरानी (22453-54) और नौचंदी (14511-12) एक्सप्रेस हैं जिनका स्टॉपेज शाहजहांपुर में है। इन ट्रेनों के अलावा मेरठ के लिए कोई ट्रेन नहीं है तो वहीं रोडवेज बस का संचालन भी यहां से नहीं होता। इसकी वजह से मेरठ तक आवागमन करने वालों को कोई वाहन नहीं मिल सकेगा। मेरठ के लिए यात्रियों को बरेली जाना पड़ेगा।

इसके अलावा वाराणसी, प्रयागराज, देहरादून, हरिद्वार के लिए जाने वाली ट्रेनें भी निरस्त की गईं हैं। हालांकि इन ट्रेनों से यात्रा करने वालों के लिए विकल्प उपलब्ध हैं। वह दूसरी ट्रेनों से इन स्टेशनों तक की यात्रा कर सकेंगे। वाराणसी को जाने वाली (14235-36) बरेली-वाराणसी-बरेली एक्सप्रेस, (15119-20) वाराणसी-देहरादून-वाराणसी जनता एक्सप्रेस और (15127-28) काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस 30 जून से चार जुलाई तक रद्द रहेगी, लेकिन श्रमजीवी एक्सप्रेस और पंजाब मेल का संचालन होगा। इससे वाराणसी आना-जाना हो सकता है। प्रयागराज के लिए (14307-08) बरेली-प्रयागराज संगम-बरेली एक्सप्रेस एक से चार जुलाई तक रद्द है। इनकी जगह पर हरिद्वार एक्सप्रेस से आवागमन हो सकता है।

इनके अलावा (15011-12) लखनऊ-चंडीगढ़-लखनऊ एक्सप्रेस 30 जून से चार जुलाई, (04306) शाहजहांपुर-बालामऊ पैसेंजर ट्रेन दो से पांच जुलाई तक निरस्त की गई है तो वहीं (04319-20) लखनऊ-शाहजहांपुर-लखनऊ पैसेंजर चार जुलाई को निरस्त रहेगी। इन ट्रेनों का विकल्प भी उपलब्ध है।

देरी से चलेंगी ये ट्रेनें

(13152) सियालदह एक्सप्रेस तीन जुलाई को जम्मूतवी से ढाई घंटा देरी से चलेगी। (15910) अवध असम एक्सप्रेस तीन जुलाई को लालगढ़ से ढाई घंटा देरी से चलेगी। (15074) टनकपुर-सिंगरौली एक्सप्रेस तीन जुलाई को टनकपुर से एक घंटे की देरी से चलेगी। (15076) टनकपुर-शक्तिनगर एक्सप्रेस टनकपुर से ढाई घंटे की देरी से चलेगी। (13151) हावड़ा-जम्मूतवी सियालदह एक्सप्रेस 30 जून से तीन जुलाई तक रास्ते में एक घंटा रोककर चलाई जाएगी।

मेरठ, वाराणसी, प्रयागराज के लिए शाहजहांपुर डिपो की बस नहीं

एआरएम आरएम पांडेय ने बताया कि मेरठ, वाराणसी, प्रयागराज के लिए शाहजहांपुर डिपो की कोई बस नहीं है। ऐसे में इन स्थानों पर जाने वालों को किसी अन्य साधन से ही यात्रा करनी होगी। मेरठ के लिए गोला डिपो की बस रात 7:30 बजे मिल सकती है। हरिद्वार के लिए शाम को 6:30 बजे, बालामऊ जाने के लिए रात 9:00 बजे और रात 12:00 बजे, अजमेर के लिए दोपहर 2:00 बजे और रात 8:00 बजे बसें मिल जाएंगी। दिल्ली आने-जाने के लिए सुबह 7:00 बजे से हर आधे घंटे पर एक बस चलती है।

सीनियर डीसीएम मुरादाबाद मंडल की ओर से ट्रेनों के रद्द और देरी से आने की जानकारी मिली है। इन ट्रेनों में जिन लोगों ने पहले से रिजर्वेशन करा रखे हैं, वे स्वत: ही निरस्त हो जाएंगे। कुछ ट्रेनें पहले से ही लेट चल रहीं हैं।

– पीएस तोमर, स्टेशन अधीक्षक, शाहजहांपुर जंक्शन


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button